किसानों ने उठाई संपूर्ण कर्जमाफी की मांग, SDM को सौंपा ज्ञापन
शाजापुर में राष्ट्रीय किसान मोर्चा ने किसानों की संपूर्ण कृषि कर्जमाफी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम SDM को ज्ञापन सौंपा। मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी।
शाजापुर। किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए संपूर्ण कृषि कर्जमाफी की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मोर्चा ने सोमवार को प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष आनंदीलाल जाट के नेतृत्व में किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम SDM को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के जरिए मोर्चा ने राज्य के सभी किसानों का कृषि ऋण माफ करने की मांग की। किसानों का कहना है कि खेती से जुड़ी बढ़ती लागत और आर्थिक दबाव के बीच कर्ज का बोझ लगातार परेशानी बढ़ा रहा है। ऐसे में सरकार को किसानों को राहत देने के लिए कृषि ऋण माफ करने का फैसला लेना चाहिए।
मांग नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी
राष्ट्रीय किसान मोर्चा ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कर्जमाफी की मांग पर कोई निर्णय नहीं लिया गया तो किसानों के हित में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि किसानों की स्थिति को देखते हुए जल्द फैसला लिया जाए और कृषि ऋण माफ कर उन्हें आर्थिक राहत दी जाए।
Anubhav Dubey 
