आगर मालवा में भारी बारिश से बिगड़े हालात, नाला उफना तो हाईवे बंद

आगर मालवा में भारी बारिश के बाद सोयत में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए। बरसाती नाला उफनने से उज्जैन-झालावाड़ नेशनल हाईवे बंद हुआ। कुंडालिया बांध के चार गेट खोले गए।

आगर मालवा में भारी बारिश से बिगड़े हालात, नाला उफना तो हाईवे बंद

आगर मालवा। जिले में देर रात से हो रही तेज बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सोयत कस्बे के निचले हिस्सों में पानी भरने के साथ ही आसपास के नदी-नाले भी उफान पर आ गए हैं। सोयत के पास बरसाती नाले में तेज बहाव के कारण उज्जैन-झालावाड़ नेशनल हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। प्रशासन ने वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की है।

बरसाती नाले में बहने लगा स्कूटी सवार, पेड़ पकड़कर बचाई जान

सोयत के पास तेज बहाव वाले बरसाती नाले को पार करने के दौरान एक स्कूटी सवार युवक बहाव की चपेट में आ गया। युवक ने किसी तरह पेड़ को पकड़ लिया और काफी देर तक उसी के सहारे अपनी जान बचाए रखी। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने रस्सी की मदद से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कालीसिंध समेत कई नदी-नाले उफान पर

लगातार बारिश के कारण कालीसिंध नदी सहित जिले के कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। हालात को देखते हुए कुंडालिया बांध के चार गेट एक-एक मीटर तक खोले गए हैं। बांध से करीब 619 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर में और बढ़ोतरी होने पर बांध के अतिरिक्त गेट खोले जाने की संभावना है।

बिजली ग्रिड में पानी भरने से सप्लाई बंद

सोयत स्थित बिजली ग्रिड में बारिश का पानी भर जाने के बाद एहतियात के तौर पर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं। सुसनेर एसडीएम और एसडीओपी समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के आसपास जाने से बचें और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।