रीवा से रायपुर के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू, पहली उड़ान भरी; डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल बने यात्री

रीवा में विंध्य क्षेत्र के लिए आज एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है. रीवा एयरपोर्ट से अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए सीधी हवाई सेवा की शुरुआत हो गई है.

रीवा से रायपुर के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू, पहली उड़ान भरी; डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल बने यात्री

रीवा में विंध्य क्षेत्र के लिए आज एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है. रीवा एयरपोर्ट से अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए सीधी हवाई सेवा की शुरुआत हो गई है. इस नई कनेक्टिविटी के तहत पहली फ्लाइट ने आज रीवा एयरपोर्ट से सफलतापूर्वक उड़ान भरी. 

अब तक रीवा और विंध्य क्षेत्र के लोगों को रायपुर पहुंचने के लिए रेल मार्ग से करीब 14 से 15 घंटे का समय लगता था, लेकिन इस नई हवाई सेवा के शुरू होने के बाद यह दूरी महज 1 घंटे में पूरी हो सकेगी. इससे खासतौर पर उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो रोजगार या व्यवसाय के सिलसिले में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में निवास करते हैं.

इस हवाई सेवा के शुरू होने से न केवल यात्रा आसान होगी बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है. नई उड़ान सेवा सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी. 

इस सेवा का शुभारंभ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने वर्चुअल माध्यम से किया. कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी शामिल हुए और उन्होंने पहली उड़ान में यात्री के रूप में यात्रा कर इस सेवा का शुभारंभ किया. पहली फ्लाइट में सफर करने वाले यात्रियों और स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला. लोगों ने इस पहल को रीवा ही नहीं बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया.