NH 39 पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर ने किनारे खड़े युवकों को रौंदा, एक की मौत दो गंभीर

NH 39 पर रीवा-सीधी मार्ग में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को रौंद दिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद परिजनों ने चक्काजाम किया, जिसे प्रशासन ने समझाइश देकर हटवाया।

NH 39 पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर ने किनारे खड़े युवकों को रौंदा, एक की मौत दो गंभीर
पब्लिकवाणी

नेशनल हाईवे 39 (रीवा–सीधी मार्ग) पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। महसांव चौड़ियार मोड़ के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि युवक अपनी बाइक के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे, तभी सीधी की तरफ से आ रहा ट्रेलर बेकाबू होकर उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक युवक के शरीर के चिथड़े उड़ गए।

हादसे में जान गंवाने वाले की पहचान मनोज कोल (35), निवासी महसांव भैया टोला के रूप में हुई है। घायल दो लोगों में एक छोटा कोल और मृतक का साला शामिल है, जिन्हें गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि मनोज कोल अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए चौड़ियार मोड़ आया हुआ था। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 2 घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची और स्थिति को संभाला।

गुढ़ तहसीलदार अरुण यादव ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाइश दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। वहीं प्रशासन की ओर से सरपंच अभिजीत सिंह ने मृतक के परिवार को तत्काल 5000 रुपये की सहायता दी। इसके बाद समझाइश के बाद जाम हटाया गया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है और आगे की जांच की जा रही है।