राहुल गांधी के एमपी दौरे से पहले सियासत तेज: हेमंत कटारे के इस्तीफे पर रामेश्वर शर्मा का तंज

मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दौरे से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है.

राहुल गांधी के एमपी दौरे से पहले सियासत तेज: हेमंत कटारे के इस्तीफे पर रामेश्वर शर्मा का तंज

भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दौरे से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. इसी बीच उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. बताया जा रहा है कि कटारे ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा है.

कटारे के इस्तीफे के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी शुरू हो गई है. भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, राहुल गांधी स्वस्थ रहें, मस्त रहें और प्रदेश-दुनिया का दौरा करते रहें. उनके बारे में कहा जाता है कि जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस में गुटबाजी और इस्तीफों का दौर शुरू हो जाता है. मध्य प्रदेश आने की सूचना मिलते ही उपनेता प्रतिपक्ष ने इस्तीफा दे दिया. यह सम्मान में दिया गया या अपमान में, यह तो वही बताएंगे.

भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर क्या बोले?

हेमंत कटारे के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर रामेश्वर शर्मा ने कहा,  हम तोड़फोड़ की राजनीति में विश्वास नहीं करते, लेकिन भाजपा के दरवाजे सबके लिए खुले हैं. फिलहाल नो वैकेंसी है.  उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा से निकलते समय कटारे ने भाजपा विधायक भगवानदास सबनानी से मजाक में कहा था ‘भाईसाहब, मुझे भी साथ ले चलिए.

24 फरवरी को भोपाल आएंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी 24 फरवरी को भोपाल पहुंचेंगे, जहां वे भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसान सभा को संबोधित करेंगे और राष्ट्रव्यापी आंदोलन की शुरुआत करेंगे. इस पर भी रामेश्वर शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को किसानों की फसलों की जानकारी तक नहीं है. उन्होंने दावा किया कि नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक किसी कांग्रेस सरकार ने किसानों के हित में काम नहीं किया, जबकि अटल बिहारी सरकार से लेकर वर्तमान मोदी सरकार तक भाजपा ने किसानों के लिए काम किया है.

राहुल गांधी के दौरे से पहले कांग्रेस में उठापटक और भाजपा के तंज से प्रदेश की सियासत और गरमा गई है. अब नजरें 24 फरवरी के कार्यक्रम और उसके राजनीतिक असर पर टिकी हैं.