Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम का डबल अटैक, किसानों की बढ़ी चिंता

मध्य प्रदेश में मौसम के अलग-अलग तेवर देखने को मिल रहे हैं। जहां एक तरफ कुछ जिलों में रिमझिम बारिश और आंधी देखने को मिल रही है, तो वहीं दूसरी तरफ लोग गर्मी से परेशान हैं। इस बीच बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बीते कुछ दिनों में कई जिलों में ओले गिरे, जिसकी वजह से फसलें बर्बाद हुई हैं।

Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम का डबल अटैक, किसानों की बढ़ी चिंता
google

प्रदेश के मध्य हिस्से में सक्रिय दो ट्रफ लाइन और ऊपरी हवा में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों तक कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का असर बना रह सकता है।

मौसम विभाग ने नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी और सिंगरौली जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार को सिवनी, छिंदवाड़ा, रायसेन, सागर, दमोह, बालाघाट, भोपाल, देवास, खरगोन, राजगढ़, विदिशा, टीकमगढ़, अशोकनगर, शिवपुरी, बैतूल, नरसिंहपुर, मंडला, पांढुर्णा, डिंडौरी और अनूपपुर सहित कई जिलों में आंधी और बूंदाबांदी दर्ज की गई।

वहीं, तापमान की बात करें तो रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाजापुर में पारा 42.6 डिग्री तक पहुंच गया। बड़े शहरों में उज्जैन का तापमान 42.4 डिग्री, इंदौर और भोपाल में 41.2 डिग्री, जबलपुर में 38.8 डिग्री और ग्वालियर में 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।