जीतू पटवारी ने सरकार को जहरीले पानी और किसान मुद्दों पर घेरा, बोले- प्रदेश में जनता की जान से खिलवाड़ हो रहा
कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और 7 मई को बड़वानी से मुरैना तक चक्का जाम का ऐलान किया।
भोपाल। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में जनता की जान से खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस पानी को लोग जीवन समझकर पीते हैं, वही अब जहर बनता जा रहा है। हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि जहरीले पानी के कारण 36 लोगों की मौत हुई, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।

जबलपुर क्रूज हादसे पर क्या बोले पटवारी
जीतू पटवारी ने बरगी बांध में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां 9 लोगों की जान गई, लेकिन सरकार की ओर से संवेदनशील प्रतिक्रिया नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मां-बेटे के शव निकाले जा रहे थे, उस समय मुख्यमंत्री अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त थे।

परिवहन व्यवस्था को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नियमों की कमी के कारण आदिवासी लोग ट्रकों और बसों की छतों पर यात्रा करने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने इसे सरकार की नीतिगत विफलता बताया।
7 मई को बड़वानी से मुरैना तक चक्का जाम
किसानों के मुद्दे पर जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार ने 2700 रुपये समर्थन मूल्य का वादा किया था, लेकिन 2600 रुपये में खरीदी हो रही है। धान के लिए 3100 रुपये का वादा किया गया था, लेकिन किसानों को 2200–2300 रुपये ही मिल रहे हैं। उन्होंने भावांतर योजना की राशि तत्काल किसानों के खातों में डालने की मांग की।

उन्होंने 7 मई को बड़वानी से मुरैना तक चक्का जाम करने का ऐलान करते हुए कहा कि यह कदम अन्नदाताओं के हित में उठाया जा रहा है, भले ही इससे आम लोगों को असुविधा हो। न्यायपालिका पर टिप्पणी करते हुए पटवारी ने कहा कि आज लोगों के बीच न्याय व्यवस्था को लेकर अविश्वास की स्थिति बन रही है।

इस दौरान उन्होंने दिग्विजय सिंह से मुलाकात का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने उनके कार्य की सराहना की है। पटवारी ने यह भी कहा कि वे प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर प्रदेश सरकार की स्थिति से अवगत कराएंगे।
Varsha Shrivastava 
