सागर EOW की बड़ी कार्रवाई : फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र से हासिल किए सरकारी टेंडर, ठेकेदार- फर्म पर केस
Fake Experience Certificate : EOW की जांच में सामने आया कि लखन प्रसाद कुर्मी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री, छतरपुर के नाम से कूटरचित प्रमाण पत्र तैयार कराया था।
Fake Experience Certificate : सागर। मध्य प्रदेश में फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के आधार पर सरकारी टेंडर हासिल करने का मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की सागर इकाई ने जांच के बाद दमोह के ठेकेदार लखन लाल कुर्मी और उनकी फर्म जय मां अम्बे कंस्ट्रक्शन के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। यह कार्रवाई दमोह निवासी रोहित बरोलिया की शिकायत पर की गई है।
जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ठेकेदार ने फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र तैयार कर सरकारी टेंडर हासिल किए हैं। EOW की जांच में सामने आया कि लखन प्रसाद कुर्मी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री, छतरपुर के नाम से कूटरचित प्रमाण पत्र तैयार कराया था। इसमें हैंडपंप की गिरी हुई फंसी पाइपलाइन निकालने के काम का अनुभव दर्शाया गया था।
निवाड़ी में दो टेंडर लेने में किया इस्तेमाल
जांच के मुताबिक, आरोपी ने इस कथित फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र का इस्तेमाल लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के खंड निवाड़ी के दो टेंडर हासिल करने में किया। जांच एजेंसी ने इसे धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का मामला माना है। इसके बाद ठेकेदार और उनकी फर्म के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
BNS की धाराओं में अपराध दर्ज
EOW सागर ने लखन लाल कुर्मी और जय मां अम्बे कंस्ट्रक्शन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 336(2) और 340(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल मामले को विवेचना में लिया गया है। EOW का कहना है कि जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

