Pachmarhi Bison Attack : पचमढ़ी में जंगली बायसन का जवान पर जानलेवा हमला, सैन्यकर्मी की मौत

Pachmarhi Bison Attack : खेल मैदान में रूटीन अभ्यास के दौरान पीछे से मारा सींग, सैनिक परिजनों को 8 लाख की मदद

Pachmarhi Bison Attack : पचमढ़ी में जंगली बायसन का जवान पर जानलेवा हमला, सैन्यकर्मी की मौत

Pachmarhi Bison Attack : पचमढ़ी। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में जंगली बायसन (भारतीय गौर) के हमले में 26 वर्षीय सैन्य जवान की मौत हो गई। जवान आर्मी एजुकेशन सेंटर के खेल मैदान में नियमित अभ्यास कर बैठे ही , तभी अचानक पीछे से आए बायसन ने उन पर हमला कर दिया। 

बायसन ने जवान के पेट में सींग मार दिया, जिससे उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। उन्हें तत्काल मिलिट्री हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृत सैनिक के परिजनों को वन विभाग की ओर से 8 लाख की मदद की गई। इस घटना से सैन्य क्षेत्र और स्थानीय आबादी में चिंता का माहौल है।

घटना गुरुवार शाम 5.45 बजे की है। मृतक की पहचान आकाश चौहान के रूप में हुई है। वे 17वीं कमांड रेजिमेंट से जुड़े थे और मूल रूप से देहरादून के पास पानागढ़ देहरा के निवासी थे। वे पचमढ़ी में दो साल के चीनी भाषा प्रशिक्षण के लिए आए हुए थे। अभ्यास के दौरान हुए अचानक हमले में वे संभल भी नहीं पाए।

अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के असिस्टेंट डायरेक्टर संजीव शर्मा और स्थानीय थाना प्रभारी गोपाल घासले ने घटना की पुष्टि की है।

रिहायशी इलाकों में घूम रहे बायसन

घटना के बाद पचमढ़ी के रहवासियों ने वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही पर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से खालसा होटल के पास पटेल रोड और आसपास के रिहायशी इलाकों में रात के समय आधा दर्जन से अधिक बायसन घूमते देखे जा रहे हैं। 

लोगों का कहना है कि आबादी और सैन्य गतिविधियों वाले क्षेत्रों में बड़े वन्यजीवों की आवाजाही से जान-माल का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से नियमित निगरानी, त्वरित रेस्क्यू व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।