इंदौर: भारत–न्यूजीलैंड वनडे मैच के टिकट वितरण पर पूर्व पार्षद ने उठाए गंभीर सवाल
इंदौर के कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में पूर्व भाजपा पार्षद संजय कटारिया ने भारत–न्यूजीलैंड वनडे मैच के टिकट वितरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
इंदौर के कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार 20 जनवरी को आयोजित जनसुनवाई के दौरान टिकट वितरण को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया। पूर्व भाजपा पार्षद संजय कटारिया ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच 18 जनवरी को होल्कर स्टेडियम में हुए वनडे मैच के टिकट बिक्री पर गंभीर सवाल उठाए।
कटारिया ने कलेक्टर शिवम वर्मा को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि लगभग 27 हजार टिकट मात्र एक मिनट में बिक गए, जो अपने आप में संदेह पैदा करता है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टिकटिंग वेबसाइट बंद होने के बावजूद टिकट सोल्ड आउट दिखाए गए, जो केवल तकनीकी गड़बड़ी नहीं बल्कि सुनियोजित धांधली की ओर इशारा करता है। पूर्व पार्षद ने कहा कि स्टेडियम की विशाल क्षमता होने के बावजूद हर मैच में टिकट अचानक गायब हो जाते हैं और जनता को इसके बारे में कभी सही जानकारी नहीं मिलती। उन्होंने प्रशासन से पूरे टिकट वितरण सिस्टम की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से जांच करेगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता के भरोसे और विश्वास को बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। कटारिया ने कहा कि क्रिकेट जैसे खेल में जनता की भागीदारी महत्वपूर्ण है और टिकट वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बचा जा सके और सभी इच्छुक दर्शक उचित तरीके से मैच का आनंद ले सकें।
Varsha Shrivastava 
