23 January 2026: इंदौर में दूषित पानी से 26वीं मौत से लेकर महिला से लाखों की ठगी तक, पढ़ें इंदौर की आज की खबरें
ट्रैफिक विभाग में पदस्थ SP अटैच, एक परिवार का टैक्सी से लाखों के जेवर चोरी, बच्ची की हत्या करने वाले आरोपी को उम्रकैद, तेज रफ्तार बाइक चलाने के कारण 8 साल के मासूम की मौत
दूषित पानी से 26वीं मौत, 63 साल के बुजुर्ग ने तोड़ा दम
दूषित पानी से मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। 23 जनवरी शुक्रवार को एक और मौत हो गई। इन्हें मिलाकर भागीरथपुरा में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है। 63 साल के बद्री प्रसाद को टीबी की बीमारी भी थी। जिन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद 17 जनवरी को अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल, अरविंदो अस्पताल में 10 लोग भर्ती हैं। वहीं, एक मरीज वेंटिलेटर पर है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, भर्ती मरीजों में से 8 दूसरी बीमारियों से भी पीड़ित हैं।
SIR विवाद: चिंटू चौकसे ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप
एसआईआर प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष और निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि इंदौर के मुस्लिम बहुल वार्डों में एक लाख से अधिक फर्जी आपत्तियां भाजपा नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं के जरिए लगवाई हैं। चिंटू चौकसे के मुताबिक पूरी मैपिंग प्रक्रिया में एक व्यक्ति का नाम केवल एक ही जगह सुनिश्चित किया गया था, फिर भी कुछ वार्डों में 500 से 1000 तक आपत्तियां एक ही बूथ पर दर्ज कर दी गईं।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा का नफरत भरा चेहरा फिर सामने आ गया है और यह पूरी कवायद एक वर्ग विशेष को परेशान करने के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में जब BLO संबंधित व्यक्ति को घर पर मौजूद पाते हैं, उसके बाद भी नोटिस थमा दिए जा रहे हैं, जिससे गरीब तबके के लोग दहशत में हैं। कांग्रेस नेता ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए और मांग की है कि जिन लोगों के नाम पर फर्जी आपत्तियां लगाई गई हैं, उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस जातीय उत्पीड़न पर रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस सड़कों पर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इंदौर सबका है… भारत सबका है, इसे नफरत की राजनीति से नहीं बांटा जा सकता।
प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला से लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
लसूड़िया थाना क्षेत्र में प्लॉट दिलाने के नाम पर एक महिला से लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कीमती प्लॉट दिलाने का झांसा देकर करीब 8.5 लाख रुपये हड़प लिए थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, लसूड़िया थाना पुलिस के अनुसार फरियादिया वर्षा नायर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी गोल्डी राठौर ने स्कीम नंबर 78 में 64 लाख रुपये कीमत का प्लॉट दिलाने का लालच दिया था। आरोपी ने विश्वास में लेकर कुल 8 लाख 46 हजार रुपये ऑनलाइन और नगद माध्यम से ठग किए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब न तो प्लॉट मिला और न ही पैसे वापस किए गए, तब फरियादी को ठगी का अहसास हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी गोल्डी राठौर के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने इस तरह की धोखाधड़ी और किन लोगों के साथ की है।
एक परिवार के लाखों रुपये के कीमती जेवर टैक्सी से चोरी
एमजी रोड से चिड़ियाघर घूमने गए एक परिवार की टैक्सी से लाखों रुपये के कीमती जेवर चोरी कर लिए गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी टैक्सी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, इंदौर के एमजी रोड इलाके के अंबर बिल्डिंग में रहने वाले नरेश जैन 20 जनवरी को अपने परिवार के साथ चिड़ियाघर घूमने गए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी टैक्सी कार को ड्राइवर के साथ पार्किंग में खड़ा किया था।

नरेश जैन ने अपने कीमती सोने और हीरे के जेवरात गाड़ी में ही एक डिब्बे में रख दिए थे, क्योंकि उन्हें एक शादी समारोह में शामिल होने शहर के बाहर जाना था। इसी का फायदा उठाते हुए टैक्सी ड्राइवर आरोपी नंदकिशोर बाघ ने कार से करीब 11 लाख रुपये के सोने और हीरे के जेवरात चोरी कर लिए। जिसमें घटना की शिकायत पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान आरोपी नंदकिशोर बाघ निवासी भमोरी को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में चोरी करना कबूल किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये के चोरी किए गए सोने और हीरे के जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है।
3 माह की बच्ची की पानी से भरी हौज में फेंककर हत्या, आरोपी को उम्रकैद
दिल दहला देने वाले मामले में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। अपनी महज़ तीन माह की बच्ची को पानी से भरी हौज में फेंककर हत्या करने वाले आरोपी को अदालत ने उम्रकैद की सज़ा सुनाई है। मामला खजराना थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी कालू खान ने अपनी तीन माह की मासूम बच्ची को पानी से भरी हौज में फेंक दिया था। घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते हुए यह दावा किया कि बच्ची अपने आप हौज में गिर गई थी।

हालांकि, जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई, जिसमें आरोपी द्वारा बच्ची को हौज में फेंकने की पुष्टि हुई। जिसमें खजराना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कालू खान को 24 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी अपनी पत्नी के साथ खजराना गणेश मंदिर परिसर में फूल बेचने का काम करता था। वही पुलिस द्वारा की गई गहन विवेचना, साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सज़ा सुनाई है।
लापरवाही से बाइक चलाने के कारण 8 साल के मासूम की मौत
लसूड़िया थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण एक 8 वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई। पुलिस ने मामले में आरोपी बाइक चालक को हिरासत में ले लिया है। 8 वर्षीय शिवांक शर्मा स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार ऋतिक भदोरिया ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बच्चे को टक्कर मार दी।

ये हादसा इतना गंभीर था कि शिवांक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की सूचना मिलते ही लसूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक ऋतिक भदोरिया को हिरासत में ले लिया है। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
महिला गार्ड की हत्या, प्रेम प्रसंग के एंगल से होगी जांच
एक महिला गार्ड की हत्या का मामला सामने आया है, जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को ज़ब्त कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। वहीं, शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का मामला प्रतीत होने की शंका पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की है। बाणगंगा क्षेत्र के नंदबाग इलाके में शुक्रवार सुबह एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। जहां गायत्री कुर्मी नाम की महिला का शव उसके घर के कमरे में मिला। वहीं, महिला अपने पति से अलग रहकर हाउस कीपिंग की नौकरी करती थी और सुबह टीसीएस में ड्यूटी जाती थी। ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर इंचार्ज ने घर जाकर घटना का खुलासा किया।

प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या करने की संभावना है। वहीं, पुलिस प्रेम संबंध के एंगल पर जांच कर रही है और एक सहकर्मी से पूछताछ जारी है। फिलहाल, पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, जानकारी के अनुसार मृतिका टीसीएस कंपनी में जॉब करती थी जो सुबह 6 से शाम को 6 बजे तक की ड्यूटी कर घर लौट आती थी। वहीं, सुबह जब वह ड्यूटी पर नहीं पहुंची तो सहकर्मी उसके घर पहुंचा, तब घटना का खुलासा हुआ। महिला ने ड्यूटी के ही कपड़े पहन रखे थे, साथ ही घर में खाना बनाने का सामान भी पड़ा था। वहीं, पुलिस अब प्रेम प्रसंग के एंगल से भी जांच पड़ताल करने में जुटी है।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम, एसीपी ऑफिस अटैच
इंदौर पुलिस कमिश्नर ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है। लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए ट्रैफिक विभाग में पदस्थ एक एसीपी को ऑफिस अटैच कर दिया गया है। यह कार्रवाई एक व्यस्त चौराहे पर हुई दुर्घटना के बाद की गई है, जहां मौके पर तैनात पुलिसकर्मी की भूमिका सवालों के घेरे में आ गई थी। दरअसल, इंदौर पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर ट्रैफिक विभाग में पदस्थ एसीपी हिंदू सिंह को ऑफिस अटैच किया गया है। एसीपी हिंदू सिंह आगामी 7 दिनों तक कार्यालय में अटैच रहेंगे, जहां उन्हें पुलिस जवानों की ड्यूटी सही तरीके से और उनकी क्षमता के अनुरूप लगाने से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में इंदौर के एक व्यस्ततम चौराहे पर कार चालक द्वारा स्कूटी सवार को टक्कर मारने की घटना सामने आई थी। उस समय चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात एएसआई ने अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई थी और वह घटना स्थल से कुछ दूरी पर मौजूद थे। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने एडिशनल सीपी को निर्देश दिए थे कि ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी उनकी क्षमता और ट्रैफिक दबाव के अनुसार लगाई जाए। इसी कड़ी में एसीपी हिंदू सिंह को 7 दिनों के लिए ऑफिस अटैच कर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि भविष्य में ट्रैफिक ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और व्यवस्थाएं और अधिक प्रभावी बनाई जा सकें।
Varsha Shrivastava 
