इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: दो तस्कर गिरफ्तार, 30 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद

इंदौर क्राइम ब्रांच ने नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से करीब 30 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की। पुलिस अब आरोपियों से ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: दो तस्कर गिरफ्तार, 30 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद

इंदौर क्राइम ब्रांच ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत की 30.02 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। दोनों आरोपी देवास के निवासी बताए गए हैं और इंदौर में ग्राहकों की तलाश में घूम रहे थे।

क्राइम ब्रांच की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्कीम नंबर-134, खजराना स्थित फरीदा बाग कब्रिस्तान के पास पानी की टंकी के नजदीक दो संदिग्ध युवक अवैध मादक पदार्थ के साथ मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों युवक घबरा गए, जिन्हें रोककर पूछताछ की गई। उनकी पहचान सरफराज उर्फ शब्बु और अमन उर्फ सलमान, निवासी देवास के रूप में हुई।

तलाशी लेने पर सरफराज के पास से 15.10 ग्राम और अमन के पास से 14.92 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है।

क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई चेन और इंदौर में सक्रिय अन्य खरीदारों व नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।