इंदौर पुलिस की नई पहल: पहली बार दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को दिया नियुक्ति पत्र

इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति के तहत दो नव आरक्षकों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए। साथ ही भर्ती प्रक्रिया से चयनित छह अनुसचिवीय कर्मचारियों को भी नियुक्ति प्रमाण पत्र दिए गए।

इंदौर पुलिस की नई पहल: पहली बार दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को दिया नियुक्ति पत्र

Indore News : इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को संबल देने के लिए अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया को गति दी जा रही है। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने अनुकंपा नियुक्ति के तहत दो नव आरक्षकों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया से चयनित छह अनुसचिवीय कर्मचारियों को भी नियुक्ति प्रमाण पत्र दिए गए।

आश्रितों को सौंपे नियुक्ति प्रमाण पत्र

दरअसल, मुख्यमंत्री के निर्देश और शासन की मंशा के अनुरूप दिवंगत पुलिसकर्मियों के पात्र आश्रितों को जल्द से जल्द अनुकंपा नियुक्ति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने नव नियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्हें पुलिस सेवा के मूल्यों का पालन करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ जनसेवा करने के लिए प्रेरित किया गया।

दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को संबल

अनुकंपा नियुक्ति के तहत संदीप कोरी को सूबेदार तथा प्राची माहौर को सहायक उप निरीक्षक के पद पर नियुक्ति दी गई है। वहीं, भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से चयनित अनुपम द्विवेदी, आशीष साहू, महेश मुवेल और प्रियंका शाक्य सहित छह अनुसचिवीय कर्मचारियों को भी नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने और पात्र परिवारों को समय पर उनका अधिकार दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संबल प्रदान करना है।