शाजापुर में मौसम का रौद्र रूप तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश

शाजापुर में मौसम का रौद्र रूप तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश, पेड़ और बिजली के पोल गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त

शाजापुर में मौसम का रौद्र रूप तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश

मनीष कुमार शाजापुर: जिले में मौसम ने अचानक करवट बदली और तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। देखते ही देखते मौसम के इस रौद्र रूप ने पूरे जिले में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ धराशाई हो गए, तो कहीं बिजली के पोल उखड़ने से बत्ती गुल हो गई। ग्रामीण और शहरी इलाकों में कई मकानों के टिनशेड चद्दर भी हवा में उड़ गए।

 शाजापुर के बेरछा रोड पर एक विशालकाय पेड़ भरभराकर सड़क के बीचों-बीच गिर गया, जिसके कारण मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोई इसकी चपेट में नहीं आया। सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को हटावाया और जिससे यातायात बहाल हो सका।

 दर्जनों जगहों पर बिजली के पोल टूटने और तार गिरने से कई इलाकों की बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। तेज हवाओं के कारण कई कच्चे मकानों और दुकानों के ऊपर लगे चद्दर (टिनशेड) उड़ गए, जिससे लोगों का काफी नुकसान हुआ। आपदा प्रबंधन, नगर पालिका और बिजली विभाग की टीमें रास्तों से पेड़ हटाकर आवागमन सुचारू करने और पोल दुरुस्त करने के काम में जुट गईं।