रीवा में पहली बार PIT एक्ट के तहत कार्रवाई, 7 मामलों में मिली मंजूरी; नशा तस्करों पर शिकंजा
रीवा में नशा तस्करों के खिलाफ PIT एक्ट के तहत पहली बार कार्रवाई की जा रही है. एसपी गुरुकरण सिंह के मुताबिक, 7 प्रकरणों में मंजूरी मिली और NDPS एक्ट में 1600 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुईं.
रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू की है. जिले में पहली बार PIT एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है. रीवा SP गुरुकरण सिंह के मुताबिक, इस अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए 16 प्रकरण आयुक्त के पास भेजे गए थे, जिनमें से 7 मामलों में मंजरी मिल गई है.
पुलिस के अनुसार, नशे के खिलाफ अभियान के तहत NDPS एक्ट में अब तक एक हजार से ज्यादा प्रकरण दर्ज किए गए हैं और 1600 से अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं. कार्रवाई के दौरान 13 करोड़ से ज्यादा का नशीला पदार्थ और 10 करोड़ से अधिक कीमत के वाहन जब्त किए गए हैं. पुलिस ने अगले तीन वर्षों में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने का लक्ष्य रखा है.
पहली बार PIT एक्ट का इस्तेमाल
रीवा और विंध्य क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी और इस्तेमाल को रोकने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. अब तस्करों के खिलाफ PIT एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है.
एसपी गुरुकरण सिंह ने बताया कि 16 प्रकरणों में से 7 को मंजूरी मिली है. इस कार्रवाई के जरिए नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कानूनी शिकंजा कसने का प्रयास किया जा रहा है.
कोरेक्स की तस्करी पर पुलिस की नजर
रीवा समेत विंध्य क्षेत्र में कोरेक्स जैसे नशीले पदार्थों का इस्तेमाल पुलिस और प्रशासन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है. नशे की लत का युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर असर पड़ रहा है.
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है.
तीन साल में नशे को खत्म करने का लक्ष्य
नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से भी चिंता जताई गई है. भोपाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में नशे के खिलाफ अभियान को लेकर रणनीति तैयार किए जाने की जानकारी दी गई थी.
पुलिस का कहना है कि अगले तीन वर्षों में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म कनरे के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा. इसके तहत तस्करों की पहचान, गिरफ्तारी और अवैध नशीले पदार्थों की जब्ती पर जोर रहेगा.
करोड़ों का नशीला पदार्थ और वाहन जब्त
पुलिस के मुताबिक, NDPS एक्ट के तहत एक हजार से अधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं और 1600 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं. इस दौरान 13 करोड़ रुपये से अधिक का नशीला पदार्थ और 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के वाहन जब्त किए गए. पुलिस का लक्ष्य नशे की सप्लाई पर रोक लगाने के साथ युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाना भी है। PIT एक्ट के तहत मिली मंजूरी के बाद अब संबंधित मामलों में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

