इंदौर: मंडल अध्यक्ष लिखी कार पर युवाओं का खतरनाक स्टंट वायरल, पुलिस जांच में जुटी

इंदौर में एक बार फिर खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। कार की खिड़कियों से लटके दिखे युवक।

इंदौर: मंडल अध्यक्ष लिखी कार पर युवाओं का खतरनाक स्टंट वायरल, पुलिस जांच में जुटी

इंदौर। शहर में एक बार फिर युवाओं की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में कुछ युवक चलती कार पर खिड़कियों और दरवाजों से लटककर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस कार पर ये स्टंट किए जा रहे हैं, उस पर “मंडल अध्यक्ष” लिखा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, यह वीडियो इंस्टाग्राम स्टोरी पर रोहित घाटे नामक युवक ने साझा किया था। वीडियो में कार के अंदर और बाहर कई युवक दिखाई दे रहे हैं और सड़क पर अन्य वाहनों के बीच खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। इस दौरान न तो ट्रैफिक नियमों का पालन किया जा रहा है और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा का ध्यान रखा गया है। सड़क पर इस तरह की लापरवाही न केवल स्टंट कर रहे युवकों के लिए बल्कि अन्य राहगीरों और वाहनों के लिए भी खतरा पैदा कर सकती है।

क्राइम ब्रांच की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने शुरु की जांच 

वीडियो वायरल होने के बाद क्राइम ब्रांच की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने मामले को संज्ञान में लिया। पुलिस अब वायरल वीडियो की जांच कर रही है और कार तथा उसमें सवार युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। जांच के बाद संबंधित युवकों के खिलाफ ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और खतरनाक स्टंट करने के मामले में कार्रवाई की जा सकती है।

यह घटना पिछले कुछ दिनों में हुए एक और मामले की याद दिलाती है, जब सांसद प्रतिनिधि पंकज फतेहचंदानी के जन्मदिन पर छात्र नेता आयुष भागव ने कार की छत पर खड़े होकर स्टंट किया था। उस समय पुलिस ने कार्रवाई की थी और बाद में माफी भी ली गई थी।