निर्माणाधीन वेलकम गेट के गुंबद में लगी आग, मजदूरों ने भागकर बचाई जान
नगर पालिका क्षेत्र में निर्माणाधीन वेलकम गेट के गुंबद में लगी आग, मजदूरों ने भागकर बचाई जान
मैहर: नगर पालिका क्षेत्र में मैहर से नेशनल हाईवे को जोड़ने वाली सड़क के मुख्य द्वार पर बनाए जा रहे निर्माणाधीन वेलकम गेट के गुंबद में शुक्रवार, 28 अगस्त की शाम करीब 6 बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गेट निर्माण में लगे कामगार मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार वेलकम गेट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका था। शुक्रवार शाम मजदूर गुंबद को सेट करने के बाद हीट गन से उसे सुखाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान गुंबद में लगे फैब्रिकेशन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मौके पर काले धुएं का गुबार उठने लगा। आग तेजी से बढ़ती देख काम कर रहे मजदूरों ने मौके से कूदकर भागते हुए अपनी जान बचाई। घटना की सूचना तत्काल मैहर नगर पालिका के दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

