महंगाई पर कांग्रेस का अनोखा तंज की गैस सिलेंडर की पूजा

महंगाई पर कांग्रेस का अनोखा तंज की गैस सिलेंडर की पूजा, लोगों को बांटी चुटकी भर चीनी पेट्रोल पंप के सामने सिलेंडर लेकर बैठे कांग्रेसी, बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार को घेरा,बोले - अब सिलेंडर के दर्शन भी दुर्लभ होंगे

महंगाई पर कांग्रेस का अनोखा तंज की गैस सिलेंडर की पूजा

राजेंद्र पयासी मऊगंज: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नईगढ़ी, जिला मऊगंज द्वारा  बढ़ती महंगाई के विरोध में एक अनोखा और प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नईगढ़ी के पेट्रोल पंप के सामने एकत्रित होकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा रोजमर्रा की चीजों के बेतहाशा बढ़ते दाम थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस सिलेंडर, चीनी और बिजली के बिल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है।

कंधे पर गैस सिलेंडर और हाथों में चीनी के पैकेट

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध जताने का तरीका बेहद अनोखा रहा। कांग्रेस कार्यकर्ता कंधे पर गैस सिलेंडर और हाथों में चीनी के पैकेट लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने गैस सिलेंडर का विधि-विधान से पूजन, माला पहनाकर और तिलक लगाकर किया। कार्यकर्ताओं ने तंज कसते हुए कहा कि जिस रफ्तार से गैस सिलेंडर के दाम बढ़ रहे हैं, आने वाले दिनों में यह आम आदमी के लिए पूजनीय वस्तु बन जाएगा और इसके दर्शन भी दुर्लभ हो जाएंगे। इसी दौरान महंगाई का प्रतीक बताते हुए वहां मौजूद आम लोगों को चुटकी भर चीनी बांटी गई। कांग्रेसियों ने कहा कि आज चीनी इतनी महंगी हो गई है कि अब चुटकी भर ही नसीब हो रही है। इस अनोखे अंदाज ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

इस प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी मऊगंज के जिला उपाध्यक्ष नृपेन्द्र सिंह पिंटू और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नईगढ़ी के अध्यक्ष अखिलेश पटेल ने किया।इस अवसर पर रामसजीवन सोनी,  शीतला प्रसाद कुशवाहा, रिसराज पांडे, श्यामबिहारी मिश्रा, विष्णु प्रताप सिंह, बृजेश पटेल, देवेंद्र मिश्रा, रामजी पटेल, शेषमणि पटेल, सलमान खान, शुभम पटेल, रमेश पटेल, शिवेंद्र पटेल, बबलू पटेल, सच्चे लाल पटेल, दौराम प्रजापति, विनीत मिश्रा, चंद्र प्रताप मिश्रा, ज्ञानेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।