रंगपंचमी पर रंगों में डूबा भोपाल, इंदौर ‘गेर’ की तर्ज पर निकला भव्य चल समारोह
रंगपंचमी के मौके पर राजधानी भोपाल रविवार सुबह रंग और उत्साह के माहौल में सराबोर हो गई। श्री हिंदू उत्सव समिति की ओर से सुभाष चौक सराफा मार्केट से पारंपरिक चल समारोह की शुरुआत हुई,जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाते हुए उत्सव का आनंद ले रहे हैं।
भोपाल: रंगपंचमी के मौके पर राजधानी भोपाल रविवार सुबह रंग और उत्साह के माहौल में सराबोर हो गई। श्री हिंदू उत्सव समिति की ओर से सुभाष चौक सराफा मार्केट से पारंपरिक चल समारोह की शुरुआत हुई, चल समारोह आगे बढ़ते हुए जुमेराती गेट तक पहुंच चुका है। इसके बाद जुलूस पीरगेट चौराहे से होते हुए तय मार्ग पर आगे बढ़ेगा। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाते हुए उत्सव का आनंद ले रहे हैं।

इंदौर की ‘गेर’ की तर्ज पर रंगों में डूबा पुराना शहर
इंदौर की प्रसिद्ध “गेर” की तर्ज पर आयोजित इस चल समारोह में डुलडुल घोड़ी, ढोल-ताशे, डीजे और बैंड विशेष आकर्षण बने हुए हैं। जगह-जगह लोग पिचकारी और गुलाल के साथ होली खेलते नजर आ रहे हैं, जिससे पूरा मार्ग रंगों से सराबोर हो गया है और पुराने शहर में उत्सव का माहौल बना हुआ है।
विश्वकप जीत की कामना के साथ क्रिकेट थीम की खास झांकीयां
चल समारोह में आकर्षक झांकियां भी शामिल की गई हैं। एक झांकी में भारतीय क्रिकेट टीम के वर्ल्ड कप जीतने की कामना को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया गया है, जिसमें युवाओं के हाथों में ट्रॉफी दिखाई दे रही है और लोग रंगों के साथ जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। वहीं भगवान बाल कृष्ण की पालकी भी जुलूस का हिस्सा है, जिसमें श्रद्धालु उनके साथ होली खेलते हुए चल रहे हैं।

राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती की झांकियों ने बढ़ाई रौनक
इसके अलावा राधा-कृष्ण की झांकी और भगवान शिव-पार्वती की ‘मसान में होली’ की थीम लोगों का खास आकर्षण बन रही है। ढोल-नगाड़ों की गूंज और गुलाल की बौछार के बीच हजारों लोग इस पारंपरिक उत्सव का आनंद ले रहे हैं। समिति के अनुसार करीब दो किलोमीटर लंबे मार्ग से गुजरते हुए यह चल समारोह शहर के कई प्रमुख हिस्सों से होकर निकलेगा।

यह है चल समारोह का मार्ग
चल समारोह सुभाष चौक कोतवाली से शुरू होकर लोहा बाजार, जुमेराती गेट, जनकपुरी, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, भवानी चौक सोमवारा, लखेरापुरा, पीपल चौक, चिंतामन चौराहा, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, इतवारा, जैन मंदिर रोड, गणेश चौक मंगलवार, कुंदन नमकीन मार्ग, घोड़ा नक्कास, अग्रवाल पुड़ी भंडार, छोटे भैया चौराहा होते हुए गल्ला बाजार थाना हनुमानगंज स्थित हनुमान मंदिर पर समाप्त होगा।
sanjay patidar 
