दतिया: BJP का झंडा लगी स्कॉर्पियो से अवैध शराब जब्त, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

दतिया जिले में भारतीय जनता पार्टी का झंडा लगी एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की गई है।

दतिया: BJP का झंडा लगी स्कॉर्पियो से अवैध शराब जब्त, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

दतिया। जिले के पंडोखर थाना क्षेत्र में पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) का झंडा लगी एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की गई है। हालांकि, वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26-27 मार्च की रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद स्कॉर्पियो वाहन, जिस पर BJP का झंडा लगा है, दबोह की ओर से अवैध शराब लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही पंडोखर थाना पुलिस ने सालौन तिराहे पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध वाहन तेजी से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़कर भाग निकला।

पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया, जिसके बाद चालक बरका तिराहा हसनपुर रोड पर गाड़ी छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार होने में सफल रहा। तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो से 58 पेटियां देशी प्लेन शराब बरामद हुईं।

पुलिस ने वाहन सहित कुल 8 लाख 32 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। इस मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही जब्त वाहन की राजसात की कार्रवाई भी की जाएगी। इस कार्रवाई में पंडोखर थाना प्रभारी सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।