सिवनी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 12 मकान जलकर राख
मध्य प्रदेश के Seoni जिले में शुक्रवार दोपहर एक अग्निकांड ने कई परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। बंडोल थाना क्षेत्र के बल्लापुर गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और तेज हवा के कारण कुछ ही मिनटों में करीब 12 मकान इसकी चपेट में आ गए।
सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे एक भयावह अग्निकांड हो गया। बंडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बल्लापुर गांव में एक मकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते-ही-देखते विकराल रूप ले लिया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और मात्र कुछ ही मिनटों में 12 मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों को नहीं मिला संभलने का मौका:
ग्रामीणों को आग लगने का पता चलते ही संभलने का मौका नहीं मिला। कई परिवार अपने घरों से जरूरी सामान, कपड़े, बर्तन या दस्तावेज तक नहीं निकाल पाए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोग दूर खड़े होकर सिर्फ अपने जलते हुए घरों को देखते रह गए। आग गांव से निकलकर आसपास के खेतों और रास्तों तक पहुंच गई, जिससे किसानों की उपज भी जल गई।

कई परिवार बुरी तरह प्रभावित:
इस घटना से लगभग 12 परिवार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गांव में आग लगने के बाद अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया। महिलाएं और बच्चे रोते-चिल्लाते नजर आए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय पर दमकल नहीं पहुंचती तो नुकसान और बढ़ सकता था। मौके पर पहुंचे बंडोल थाना प्रभारी मनोज जंघेला, एसडीओपी, तहसीलदार समेत पूरा प्रशासनिक अमला ने स्थिति का जायजा लिया। राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है।

विधायक ने की परिवारों से मुलाकात:
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग तेज हवा के कारण अन्य मकानों में फैल गई। अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
थाना प्रभारी मनोज जंघेला ने पुष्टि की कि कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लोगों की गृहस्थी का भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत पहुंचाने का भरोसा दिया है।
यह घटना एक बार फिर बिजली की पुरानी लाइनों और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत सुरक्षा की कमी को उजागर करती है। खासकर गर्मियों में शॉर्ट सर्किट से लगने वाली आग अब आम समस्या बनती जा रही है।
प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजा और सहायता की मांग की है। प्रशासन ने तुरंत राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

