खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, तीन युवकों की मौके पर मौत

मैहर जिले के मुकुंदपुर में सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, तीन युवकों की मौके पर मौत

मैहर जिले के मुकुंदपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गुजरा टोल प्लाजा के पास इंडियन गैस एजेंसी के नजदीक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से तेज रफ्तार बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि तीनों युवक रीवा में मजदूरी करने के बाद अपने गांव जमुना लौट रहे थे। हादसे के बाद वो सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने की वजह से उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अंकित सोधिया, दीपक कोल और नागेंद्र कोल के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा और मुकुंदपुर चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए अमरपाटन अस्पताल भेज दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।