मऊगंज की युवा संसद में उठा ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ का मुद्दा: युवाओं ने रखे तर्क

मऊगंज के शहीद केदारनाथ महाविद्यालय में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन हुआ। सांसद जनार्दन मिश्रा ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

मऊगंज की युवा संसद में उठा ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ का मुद्दा: युवाओं ने रखे तर्क

रिपोर्ट: राजेंद्र पयासी, मऊगंज

मऊगंज। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय मऊगंज में बुधवार, 4 नवंबर को विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। युवा संसद में ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ का मुद्दा चर्चा के केंद्र में रहा। कार्यक्रम में 100 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया और इस विषय पर अपने विचार, तर्क और दृष्टिकोण प्रस्तुत किए।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (माय भारत), मऊगंज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रीवा लोकसभा सांसद जनार्दन मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा और कॉलेज प्राचार्य डॉ. सोमदत्त पांडेय विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

विकसित भारत के लिए युवाओं को आगे आना होगा : सांसद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं को शिक्षा, कौशल, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे आना होगा। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने, अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। विशिष्ट अतिथियों ने भी युवाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

तार्किक क्षमता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर हुआ मूल्यांकन

कार्यक्रम का प्रतिवेदन जिला युवा अधिकारी कुलदीप सिंह गहरवार ने प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि युवा संसद का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल, संवैधानिक जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना है।

प्रतिभागियों के विचारों और प्रस्तुतियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल ने किया। इसमें शासकीय महाविद्यालय नईगढ़ी की प्राचार्य डॉ. आराधना मिश्रा, डॉ. रजनीश त्रिपाठी (देवतालाब), प्रो. अनवर खान (मऊगंज), डॉ. राघवेंद्र मिश्रा और डॉ. एन.डी. त्रिपाठी शामिल रहे। निर्णायकों ने विषय की समझ, तर्कों की मजबूती और प्रस्तुतीकरण के आधार पर प्रतिभागियों का आकलन किया।