Election Results 2026: बंगाल में रूझानों में भाजपा को बहुमत, तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK बनी नंबर-1, केरल में कांग्रेस ने किया कमाल

बंगाल की 293 सीटों सहित तमिलनाडु, केरलम, असम और पुडुचेरी में भी वोटों की गिनती चल रही। 5 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव की काउंटिंग जारी। इनमें कर्नाटक, महाराष्ट्र, नगालैंड, त्रिपुरा और गुजरात की सीटें शामिल है।

Election Results 2026: बंगाल में रूझानों में भाजपा को बहुमत, तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK बनी नंबर-1, केरल में कांग्रेस ने किया कमाल

देश के पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी—के विधानसभा चुनावों की मतगणना आज सुबह शुरू हो गई। इसके साथ ही कर्नाटक, महाराष्ट्र, नगालैंड, त्रिपुरा और गुजरात की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे भी आज घोषित किए जाएंगे।

सुबह सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती हुई, जिसके बाद ईवीएम के वोटों की काउंटिंग शुरू कर दी गई। शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। वहीं, बंगाल में एग्जिट पोल सही साबित होते दिख रहे हैं। 8 एग्जिट पोल में से 6 में भाजपा, 2 में TMC सरकार का अनुमान लगाया गया था।

पश्चिम बंगाल: मता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी में कड़ी टक्कर

पश्चिम बंगाल की 293 सीटों पर मतगणना जारी है, जबकि फालता सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है। शुरुआती रुझानों में भाजपा को बहुमत मिलती दिख रही है। BJP 150+ सीटों पर तो वहीं TMC 120+ सीटों पर आगे चल रही है।

सबसे चर्चित सीट भवानीपुर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी आमने-सामने हैं। फिलहाल, ममता बनर्जी पीछे और सुवेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। वहीं पानीहाटी सीट पर आरजी कर रेप विक्टिम की मां रत्ना देबनाथ को बढ़त है। पीएम मोदी ने जहां झालमुड़ी खाई उस इलाके में भाजपा चारों सीटों पर आगे है। ये सीटें झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम हैं।

मतगणना शुरू होने से पहले ही यहां तनाव का माहौल देखने को मिला, जब सखावत मेमोरियल स्कूल के बाहर दोनों दलों के एजेंटों के बीच झड़प हो गई। इस सीट पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि यह मुकाबला राज्य की सत्ता की दिशा तय करने में अहम माना जा रहा है।

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी पिछले 15 सालों से सत्ता में हैं और इस बार उनकी नजर चौथी बार सरकार बनाने पर है। वहीं भाजपा पहली बार राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की कोशिश में है। शुरुआती रुझानों से यह साफ है कि मुकाबला बेहद करीबी है और अंतिम नतीजों के लिए अभी इंतजार करना होगा।

तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी: अलग-अलग रुझान

दक्षिण और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मतगणना जारी है। नतीजों से पहले आए एग्जिट पोल्स में असम में फिर हिमंता सरकार बनने का अनुमान है। तमिलनाडु में विजय की पार्टी TVK ने कमाल कर दिया है, तो केरलम में कांग्रेस की अगुआई वाले UDF को बढ़त है। पुडुचेरी में NDA गठबंधन की वापसी दिखाई दे रही है।

तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर दिखा रहा है। 2 साल पुरानी एक्टर विजय की पार्टी TVK नंबर वन के तौर पर उभरी है। TVK कुल 234 सीटों में से 102 पर आगे चल रही है। सत्ताधारी डीएमके तीसरे नंबर पर खिसक गई है। AIADMK दूसरे नंबर पर है। तमिलनाडु के CM स्टालिन अपनी सीट कोलाथुर से पिछड़ गए हैं।

केरलम में UDF को बढ़त है। कुल 140 सीटों में LDF को 44 सीटों पर बढ़त मिली हुई है। कांग्रेस नेतृत्व वाली UDF बाजी पलटते हुए दिखाई दे रहा है। UDF को 93 सीटों पर बढ़त मिल गई है।

असम में एक बार फिर हिमंता सरकार बनने के आसार हैं। कुल 126 सीटों में से बीजेपी को 95 सीटों पर बढ़त है। कांग्रेस को 29 सीटें मिलती दिख रही हैं।

पुडुचेरी में भी बीजेपी सरकार बन सकती है। कुल 30 सीटों में बीजेपी गठबंधन को 22 सीटों पर बढ़त मिली हुई है। कांग्रेस गठबंधन को 6 सीटें मिल रही हैं।

उपचुनाव 2026: 7 सीटों पर भी नजरें

पांच राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों की मतगणना भी जारी है। इनमें महाराष्ट्र की बारामती सीट सबसे ज्यादा चर्चा में है, जहां पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार मैदान में हैं। महाराष्ट्र की बारामती सीट से NCP उम्मीदवार सुनेत्रा पवार आगे चल रही हैं। 

भाजपा कर्नाटक की दावणगेरे साउथ, महाराष्ट्र की राहुरी, त्रिपुरा की धर्मनगर, गुजरात की उमरेठ और नगालैंड की कोरिडांग सीटों पर आगे है। कांग्रेस सिर्फ एक सीट, कर्नाटक की बागलकोट से बढ़त बनाए हुए है।

उपचुनाव वालीं सभी 7 सीटें पूर्व विधायकों की मौत के कारण खाली हुई थीं। कर्नाटक, नगालैंड और त्रिपुरा में 9 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। गुजरात की लिमखेड़ा और महाराष्ट्र के बारामती और राहुरी सीट पर 23 अप्रैल को वोटिंग हुई थी।

दिल्ली में जश्न की तैयारी, भाजपा मुख्यालय में हलचल

चुनावी नतीजों के बीच राजधानी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जलेबी बनाई गई हैं। बीजेपी हेडक्वार्टर में पूरी और मिठाइयां बनाई जा रही हैं, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

वहीं, बंगाल में TMC ऑफिस के बाहर सन्नाटा पसरा पड़ा है। हालांकि, अंतिम नतीजे आने में अभी समय है। आने वाले कुछ घंटों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि किन राज्यों में कौन सी पार्टी सत्ता में आएगी और कौन विपक्ष में बैठेगी।