मऊगंज में शिक्षक संगठन ने TET परीक्षा मुद्दे पर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
मऊगंज में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री के नाम संयुक्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर TET परीक्षा पर पुनर्विचार याचिका की मांग की
मऊगंज में शासकीय शिक्षक संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षक मऊगंज कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने टीईटी परीक्षा से जुड़े सर्वोच्च न्यायालय मामले में राज्य सरकार से पुनर्विचार याचिका दायर करने और लोकशिक्षण संचालनालय के आदेश को शिक्षक विरोधी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग उठाई।

जिला मुख्यालय मऊगंज में शुक्रवार की शाम शासकीय शिक्षक संगठन मध्यप्रदेश जिला इकाई के अध्यक्ष कौशलेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में शिक्षक एकत्रित हुए। जिले के कोने-कोने से बड़ी संख्या में शिक्षक कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम संयुक्त कलेक्टर ए.पी. द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा।
संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में टीईटी परीक्षा को लेकर राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। शिक्षकों का कहना है कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित प्रकरण के संबंध में राज्य शासन को पुनर्विचार याचिका दायर करनी चाहिए। साथ ही, लोकशिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा जारी आदेश को शिक्षक हितों के विपरीत बताते हुए तत्काल निरस्त करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि संबंधित आदेश जारी करने से पूर्व शासन स्तर पर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया, मंत्रिमंडलीय परामर्श और वैधानिक अनुमोदन नहीं लिए जाने की आशंका है। शिक्षक संगठन का कहना है कि यह प्रक्रिया शासन नियमों के अनुरूप होना अनिवार्य था।
शिक्षकों ने यह भी स्पष्ट किया कि टीईटी से जुड़ा मामला सिविल अपील क्रमांक 1385/2025 में विचाराधीन है, जिसमें एक अशासकीय शिक्षण संस्था याचिकाकर्ता है, जबकि उत्तरदाता राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद नई दिल्ली है।

ज्ञापन में सवाल उठाया गया कि परिषद द्वारा मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों को परीक्षा आयोजन संबंधी क्या स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। शासकीय शिक्षक संगठन के जिला अध्यक्ष कौशलेश चतुर्वेदी ने कहा कि पिछले 27 वर्षों से कार्यरत शिक्षकों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
Varsha Shrivastava 
