भोपाल में राष्ट्रीय महिला आयोग की जनसुनवाई,पत्नी बोली- सगी बहन से संबंध बनाता है पति
राष्ट्रीय महिला आयोग की भोपाल में हुई जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और साइबर क्राइम से जुड़े करीब 50 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें एक महिला ने अपने पति पर उसकी सगी बहन से संबंध बनाने का आरोप लगाया।
भोपाल: बुधवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से जनसुनवाई का आयोजन किया गया। महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़े कई संवेदनशील मामलों को सुना गया। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर की मौजूदगी में करीब 50 शिकायतों पर चर्चा हुई। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।सुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, साइबर अपराध और पारिवारिक विवाद जैसे कई गंभीर मुद्दे सामने आए। कई मामलों में आयोग की अध्यक्ष ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पति पर अनैतिक संबंध का आरोप
जनसुनवाई में पहुंची एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए। महिला का कहना था कि उसका पति अपनी ही बहन के साथ अवैध संबंध रखता है और उसे यह सब देखने के लिए मजबूर किया जाता है। पीड़िता ने बताया कि उसने इस संबंध में ससुराल पक्ष और पुलिस से भी शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
मामले को गंभीर मानते हुए आयोग की अध्यक्ष ने मौजूद अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए और महिला को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
9 साल से परेशान करने का आरोप
एक अन्य शिकायत में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ में कार्यरत महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि विभाग में पदस्थ एक उपयंत्री पिछले नौ वर्षों से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। महिला के अनुसार उसने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी और विभागीय जांच में भी आरोपी को दोषी पाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस पर आयोग ने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
पीछा करने से परेशान महिला पहुंची आयोग
जनसुनवाई में एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ पहुंची और शिकायत की कि एक व्यक्ति पिछले साल से उसका लगातार पीछा कर रहा है और उसे परेशान कर रहा है। महिला ने बताया कि उसने इस बारे में पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। आयोग ने पुलिस को इस मामले में तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए।
कुछ मामलों में हुआ तत्काल निपटारा
कार्यक्रम के दौरान करोंद क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उसका पारिवारिक विवाद पहले ही सुलझ चुका है, लेकिन आयोग में की गई शिकायत औपचारिक रूप से वापस नहीं ली गई थी। दोनों पक्षों की सहमति के बाद आयोग ने उसी समय मामला समाप्त कर दिया।
महिलाओं तक पहुंचने की पहल
आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि कई महिलाएं अपनी समस्याएं लेकर दिल्ली स्थित आयोग के कार्यालय तक नहीं पहुंच पातीं। इसी वजह से आयोग विभिन्न राज्यों में जाकर जनसुनवाई आयोजित कर रहा है, ताकि पीड़ित महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही अपनी बात रखने और न्याय पाने का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि भोपाल में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 50 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें कई शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
sanjay patidar 
