सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की मीनाक्षी नटराजन की याचिका, दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी

राज्यसभा चुनाव में मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनी कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के फैसले के खिलाफ दायर याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की मीनाक्षी नटराजन की याचिका, दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी

सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की उस याचिका को खारिज कर दिया है जिसमें मध्य प्रदेश की राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया में उनके नामांकन रद्द किए जाने को चुनौती दी गई थी। कोर्ट ने साफ कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मामलों में सीधे हस्तक्षेप करना संविधान के अनुच्छेद 329(बी) के खिलाफ होगा।

रिटर्निंग ऑफिसर ने मीनाक्षी का नामांकन किया निरस्त

मामला मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट से जुड़ा है, जहां कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को अपना उम्मीदवार बनाया था। हालांकि रिटर्निंग ऑफिसर (RO) ने उनका नामांकन पत्र यह कहते हुए निरस्त कर दिया कि उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज एक केस की जानकारी कथित रूप से सही तरीके से घोषित नहीं की थी। इस निर्णय के बाद विवाद बढ़ गया और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा।

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने दलील दी कि उम्मीदवार को चुनाव लड़ने का अवसर मिलना चाहिए और यदि बाद में वे हारते हैं तो वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा होगा। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा- ये संविधान के खिलाफ होगा

सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया ने कहा कि अनुच्छेद 329(बी) के तहत चुनावी विवादों का समाधान आम तौर पर चुनाव समाप्त होने के बाद चुनाव याचिका (election petition) के माध्यम से किया जाता है। यदि अदालतें नामांकन रद्द करने जैसे मामलों में तुरंत हस्तक्षेप करने लगें, तो हर चुनाव में विस्तृत जांच की आवश्यकता पड़ेगी, जिससे पूरी चुनाव प्रक्रिया बाधित हो सकती है।

कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि अनुच्छेद 32 के तहत भी इस मामले में सीधे हस्तक्षेप संभव नहीं है। हालांकि, अदालत ने यह कहा कि उम्मीदवार को बाद में चुनाव याचिका दाखिल करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा। इस फैसले के बाद मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीटों पर स्थिति पहले ही स्पष्ट हो चुकी है। कल गुरुवार को एमपी की तीनों सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट ने निर्विरोध जीत दर्ज की है।

दिल्ली में कांग्रेस का विरोध, कई नेताओं की हुई गिरफ्तार

MP की तीसरी सीट के लिए कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया था। कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या बल भी था, लेकिन 9 जून को उनका नामांकन फॉर्म निरस्त कर दिया गया। भाजपा ने आरोप लगाया कि मीनाक्षी ने अपने खिलाफ दर्ज एक केस की जानकारी नामांकन पत्र में नहीं दी। इस आपत्ति को स्वीकार करते हुए रिटर्निंग अधिकारी (RO) ने उनका नामांकन निरस्त कर था।

इसी के विरोध में आज कांग्रेस दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रही है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में मध्यप्रदेश कांग्रेस का विधायक दल राजधानी पहुंचा। दिल्ली में राष्ट्रपति भवन की तरफ जा रहे मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत तमाम कांग्रेस विधायकों को पुलिस ने गिरफ्तार लिया।