मध्यप्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र, CM बोले- सरकार ने दो साल में दूरगामी फैसले लिए
मध्य प्रदेश विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र आज आयोजित किया जा रहा है. इस विशेष सत्र में प्रदेश के 2047 के विजन को लेकर व्यापक चर्चा प्रस्तावित है.
भोपाल: मध्य प्रदेश विधानसभा ने 17 दिसंबर 2025 को अपने स्थापना के 69 साल पूरे होने पर एक विशेष सत्र आयोजित किया. विशेष सदन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी सरकार के कामों और योजनाओं के बारे में चर्चा की और आगामी समय में किए जाने वाले कामों के बारे में भी जानकारी दी. सीएम ने कहा, यह सदन सत्ता का नहीं जनता के विश्वास के रूप में परिलक्षित हुआ है, इस पर हमें गर्व है. सीएम ने कहा कि यह विशेष सत्र इस विधानसभा के लिए मध्य प्रदेश के साथ गणतंत्र के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था में हम सबके लिए सौभाग्य की बात है. गरिमा पूर्ण सदन का इकट्ठा होना लोकतंत्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और भविष्य के प्रति हमारी उत्तरदायित्व का संकल्प है और सांस्कृतिक रूप में गौरवशाली बनाने का इस सत्र में शुभारंभ करेंगे.
चर्चा की शुरुआत में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नेता भी है, नीति भी है, बस नीयत होनी चाहिए. सिर्फ घोषणाओं से काम नहीं चलेगा. सिंघार ने स्पष्ट किया कि 2047 से पहले हमें 2026 की गारंटी चाहिए. इसके अलावा उन्होंने सरकार से यह भी मांग की है कि अपनी घोषणाओं को पूरा करने की गारंटी दीजिए.
सूट-बूट पहनकर सदन आए मुख्यमंत्री: विजयवर्गीय
इस दौरान मंत्री विजयवर्गीय ने सूट-बूट पहनकर सदन में आए मुख्यमंत्री मोहन यादव को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री सूट-बूट में आ गए हैं. और हम मंत्री-विधायक लोग गरीबों जैसी वेशभूषा में हैं. विजयवर्गीय की इस बात पर सदन में ठहाके लगे। इधर, कांग्रेस विधायक महेश परमार ने विजयवर्गीय के बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि, दिल की बात जुबां पर आ गई. कहीं न कहीं यह पीड़ा है कि मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों-विधायकों पर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं. आज तो विजयवर्गीय ने सदन में यह कह ही दिया.

विधानसभा के इस विशेष सत्र से पहले विधानसभा में लगाई गई प्रदर्शनी का राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने शुभारंभ किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा- सबसे विमर्श करने के बाद आज विशेष सत्र रखा गया है.1956 में बनी विधानसभा की सारी स्मृतियां इस विशेष सत्र के माध्यम से जीवंत हो रही है. सकारात्मक भाव से यह विशेष सत्र रखा गया.

विशेष सत्र के दिन भी कांग्रेस का प्रदर्शन
मनरेगा का नाम बदलने वाले विधेयक को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस के विधायकों ने कड़ी आपत्ति जताई. विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान कांग्रेस विधायकों ने गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी की. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत अन्य कांग्रेस विधायक इस प्रदर्शन में शामिल हुए.

pushpendra 
