कमलेश्वर पटेल का BJP सरकार पर हमला: बोले– मनरेगा और गांधी के नाम से चिढ़, भगवान राम के नाम का राजनीतिक दुरुपयोग

कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य कमलेश्वर पटेल ने भोपाल में आज पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा सरकार में मध्यप्रदेश में पंचायत विभाग की जो स्थिती है वह काफी गंभीर है। सरकार ने जिस तरह से मनरेगा का नाम बदलकर जी राम जी किया है ये महात्मा गांधी का अपमान है।

कमलेश्वर पटेल का BJP सरकार पर हमला: बोले– मनरेगा और गांधी के नाम से चिढ़, भगवान राम के नाम का राजनीतिक दुरुपयोग
Kamleshwar Patel

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य एवं पूर्व पंचायत मंत्री कमलेश्वर पटेल ने मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की वर्तमान स्थिति को “गंभीर” बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार न तो पंचायतों पर ध्यान दे रही है और न ही ग्रामीण जनता और किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। सरकार केवल योजनाओं के नाम बदलने में लगी हुई है, जबकि जमीनी स्तर पर विकास और रोजगार की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।

कमलेश्वर पटेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पंचायतों को संवैधानिक अधिकार दिए गए थे। इन्हीं अधिकारों के तहत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को प्रभावी रूप से लागू किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन हुआ। इस योजना के माध्यम से गांवों में सड़कों का निर्माण, स्टॉप डैम, तालाब और अन्य आधारभूत ढांचे का विकास हुआ। ग्रामीणों को अपने ही गांव में काम मिला, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई।

भाजपा सरकार को महात्मा गांधी के नाम से चिढ़ है

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर ‘जीरामजी’ कर दिया है, जो जनता को भ्रमित करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि केवल नाम बदलने से योजना की आत्मा नहीं बदलती और न ही इससे रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। पटेल ने सवाल उठाया कि सरकार इस नए नाम का पूरा अर्थ स्पष्ट क्यों नहीं कर रही है और आधा-अधूरा नाम रखकर जनता को गुमराह क्यों किया जा रहा है।

उन्होंने महात्मा गांधी ग्राम सेवा केंद्र का नाम बदलकर अटल ई-सेवा केंद्र किए जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई। कमलेश्वर पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार को महात्मा गांधी के नाम से चिढ़ है, इसी वजह से गांधी जी से जुड़ी योजनाओं और संस्थाओं के नाम बदले जा रहे हैं। उन्होंने इसे महात्मा गांधी के विचारों और योगदान का अपमान बताया।

कमलेश्वर पटेल ने आरोप लगाया कि सरकार योजनाओं के नामकरण में भगवान राम के नाम का भी राजनीतिक दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा भगवान के नाम पर राजनीति करती है और योजनाओं के नाम बदलकर झूठा दिखावा कर रही है। उनका कहना था कि यदि सरकार के मन में वास्तव में भगवान राम के प्रति श्रद्धा होती, तो वह ग्रामीणों को रोजगार, किसानों को राहत और पंचायतों को मजबूत करने का काम करती।

गांवों में विकास कार्य ठप, मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल रही

पूर्व पंचायत मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की कई योजनाओं का भुगतान अब सरकार द्वारा नहीं किया जा रहा है। इससे गांवों में विकास कार्य ठप पड़े हैं और मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं पर भी ध्यान नहीं दे रही है और उसकी नीतियां केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाली हैं।

कमलेश्वर पटेल ने सिंगरौली का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़े-बड़े औद्योगिक घरानों को स्थापित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन स्थानीय लोगों के हितों और पर्यावरण की अनदेखी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी दो साल की उपलब्धियों का प्रचार तो कर रही है, लेकिन जनता सच्चाई जानती है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में कमलेश्वर पटेल ने कहा कि योजनाओं के नाम बदलने से न तो गांवों का विकास होगा और न ही बेरोजगारी दूर होगी। कांग्रेस इन फैसलों का पुरजोर विरोध करेगी और ग्रामीण जनता, किसानों और पंचायतों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।