मध्यप्रदेश में घर-घर पहुंचेगा योग, 12 मई से शुरू हो रहा “हर घर योग अभियान”
विश्व योग दिवस से पहले आयुष विभाग की पहल, योग-सखी और योग-दूत करेंगे लोगों को जागरूक
विश्व योग दिवस से पहले मध्यप्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयुष विभाग द्वारा “हर घर योग अभियान” की शुरुआत 12 मई से की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Mohan Yadav) ने कहा है कि योग स्वस्थ जीवन शैली और निरोगी काया का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया 21 जून को International Day of Yoga के रूप में मनाती है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश आयुष विभाग ने योग को घर-घर तक पहुंचाने का विशेष अभियान तैयार किया है।
अभियान के तहत प्रदेश के 800 स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और विभिन्न चिकित्सालयों में पदस्थ योग शिक्षक छोटे-छोटे समूहों में नागरिकों को योगाभ्यास करवाएंगे। प्रत्येक समूह में लगभग 10 से 15 लोगों को शामिल किया जाएगा, ताकि लोग नियमित रूप से योग सीख सकें और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ा सकें।
इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार ने योग-सखी और योग-दूत तैयार करने का निर्णय लिया है, जो समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे। यह अभियान 21 जून तक लगातार जारी रहेगा।
अभियान के अंतर्गत Pandit Khushilal Sharma Government Ayurveda College and Institute, Bhopal के मास्टर ट्रेनर स्टूडियो से प्रतिदिन 45 मिनट के लाइव योग सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से लोग घर बैठे योग सीख सकेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मविश्वास और व्यक्ति की आंतरिक क्षमताओं को जागृत करने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से मिलकर “हर घर योग अभियान” को सफल बनाने की अपील की है।
Varsha Shrivastava 
