MP सरकार की किसानों के लिए बड़ी घोषणा: गेहूं पर ₹40 बोनस, उड़द पर ₹600 प्रोत्साहन, दिन में मिलेगी सिंचाई के लिए बिजली
मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं और कार्यों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव (Mohan Yadav) ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं और कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ भी विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें किसानों से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।
गेहूं पर ₹40 बोनस, अब ₹2625 प्रति क्विंटल खरीद
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। इसी क्रम में गेहूं की खरीदी को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपए प्रति क्विंटल के ऊपर राज्य सरकार इस वर्ष 40 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देगी। इस तरह प्रदेश में किसानों से गेहूं की खरीदी 2625 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर की जाएगी।

पंजीयन की तारीख आगे बढ़ी, उड़द पर ₹600 प्रोत्साहन
इसके साथ ही सरकार ने गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी है। पहले यह तिथि 7 मार्च तक निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 मार्च कर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ ले सकें।
मुख्यमंत्री ने दलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए उड़द की खरीदी पर भी 600 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा की। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक उड़द की खेती करने का आग्रह किया, जिससे उन्हें बोनस का लाभ मिल सके और अगली फसल की तैयारी भी समय पर हो सके।

किसानों को बड़ा तोहफा, अब दिन में मिलेगी बिजली
बैठक में किसानों को सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने की योजना पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रात के समय बिजली मिलने से किसानों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है, इसलिए सरकार प्रयास कर रही है कि खेती के समय दिन में ही बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसान सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से सिंचाई कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार निर्णय ले रही है और प्रदेश में कृषि को मजबूत बनाने के लिए ऐसी कल्याणकारी योजनाएं आगे भी जारी रहेंगी।
Varsha Shrivastava 
