ED टीम की भोपाल के निजी कॉलेज पर रेड, 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का घोटाला

200 करोड़ की वित्तीय अनियमितताओं के मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, भोपाल में निजी शैक्षणिक समूह के ठिकानों पर छापेमारी, फीस, छात्रवृत्ति और शिक्षा ऋण में गड़बड़ी की जांच तेज

ED टीम की भोपाल के निजी कॉलेज पर रेड, 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का घोटाला

भोपाल। राजधानी स्थित एक बड़े निजी शैक्षणिक समूह के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 23 जून मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके विभिन्न परिसरों और अन्य ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई करीब 200 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं और घोटाले से जुड़े मामले में की जा रही है। ईडी की टीम भोपाल सहित समूह के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने समूह के संचालकों के खिलाफ 200 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय गड़बड़ियों का मामला दर्ज किया था। ईओडब्ल्यू की प्रारंभिक जांच में छात्रों से ली गई फीस, छात्रवृत्ति राशि के कथित गबन तथा शिक्षा ऋण के दुरुपयोग से संबंधित गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। इसी आधार पर ईडी ने धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के पहलुओं की जांच अपने हाथ में ली है।

सूत्रों के मुताबिक, कथित वित्तीय गड़बड़ियां केवल भोपाल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समूह के देश के अन्य राज्यों में संचालित संस्थानों से भी जुड़ी हो सकती हैं। इसी वजह से जांच एजेंसी द्वारा कई स्थानों पर एक साथ सर्च अभियान चलाया जा रहा है। ईडी की टीम वित्तीय रिकॉर्ड, बैंकिंग लेन-देन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल, एजेंसी की कार्रवाई जारी है और मामले में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही कथित अनियमितताओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।