सीएम बोलें-नई पीढ़ी पढ़ेगी महाराणा प्रताप का जीवन
सीएम बोलें-नई पीढ़ी पढ़ेगी महाराणा प्रताप का जीवन महाराणा प्रताप जयंती पर शहर में जुलूस, रक्तदान और पौधरोपण का आयोजन, कांग्रेस ने भी किया माल्यार्पण
भोपाल: महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि महाराणा प्रताप के जीवन और आदर्शों को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी उनके शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति से परिचित हो सके। भोपाल में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर वीर शिरोमणि को श्रद्धांजलि अर्पित की। मेवाड़ समाज ने जुलूस, रक्तदान शिविर और सम्मान समारोह का आयोजन किया। मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड ने "एक पौधा अपने बुजुर्गों के नाम" अभियान शुरू किया, जबकि कोलार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
सीएम ने कहा- महाराणा प्रताप लोक के अधूरे काम होंगे पूरे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महाराणा प्रताप के जीवन और उनके आदर्शों को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए उन्हें स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप लोक के निर्माण से जुड़े शेष कार्य भी पूरे कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की पार्थ योजना के माध्यम से युवाओं को पुलिस और सेना भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के माध्यम से समाज के हित में विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाने की भी बात कही।
80 किलो का भाला उठाकर लड़ते थे युद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप का व्यक्तित्व अद्भुत और असाधारण था। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप के कवच और भाले का वजन इतना अधिक था कि आज के समय में उसकी कल्पना करना भी कठिन है। उन्होंने उल्लेख किया कि महाराणा प्रताप करीब 80 किलो का भाला लेकर युद्ध करते थे। साथ ही चेतक के प्रति उनके लगाव और संबंध का जिक्र करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन वीरता, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण है, जिससे आज भी समाज प्रेरणा ले रहा है।
महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के नेतृत्व में हुआ आयोजन
आयोजन महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजपूत सामाजिक संगठनों, करणी सेना, क्षत्रिय समाज और अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान खेल, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों, चिकित्सकों और समाजसेवियों का सम्मान भी किया गया। इसमें पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय और महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया मौजूद थे।
जुलूस के साथ मनाई महाराणा प्रताप जयंती
जय मेवाड़ राजपूत समाज और श्री प्रताप सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में वीर शिरोमणि समारोह आयोजित किया गया। शिवाजी महाराज चौराहे से महाराणा प्रताप चौराहे तक भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें समाज के युवा, बुजुर्ग, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में युवा कल्याण एवं खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सारंग बोले- महाराणा प्रताप ने समाज को जोड़ा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल वीरता के प्रतीक नहीं थे, बल्कि उन्होंने समाज को एकजुट करने का कार्य भी किया। उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है।
रक्तदान शिविर में 50 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान
समारोह के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। श्री प्रताप सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित शिविर में 50 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का सम्मान भी किया।
प्रतिभावान छात्रों और दिव्यांगजनों का सम्मान
कार्यक्रम में दिव्यांग सम्मान समारोह, प्रतिभावान छात्र सम्मान समारोह और समाज के होनहार युवाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व विधायक ध्रुव नारायण सिंह, केशव सिंह भदौरिया, केदार सिंह मंडलोई सहित कई सामाजिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
वक्फ बोर्ड ने शुरू किया ‘एक पौधा अपने बुजुर्गों के नाम’ अभियान
मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण अभियान "एक पौधा अपने बुजुर्गों के नाम" का शुभारंभ किया। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने खानूगांव स्थित वक्फ मस्जिद-मदरसा परिसर में पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद सोफिया कॉलेज स्थित कब्रिस्तान और इस्लामनगर की वक्फ मस्जिद परिसर में भी पौधे लगाए गए।
पर्यावरण संरक्षण के साथ बुजुर्गों के सम्मान का संदेश
डॉ. सनवर पटेल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। अभियान के जरिए पूर्वजों और बुजुर्गों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। बोर्ड ने प्रदेशभर की वक्फ संपत्तियों, मस्जिदों, मदरसों और कब्रिस्तानों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण का लक्ष्य तय किया है।
कांग्रेस ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लिया संकल्प
कोलार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मंदाकिनी चौराहे पर महाराणा प्रताप जयंती मनाई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़, प्रदेश कांग्रेस सचिव राजकुमार सिंह, कांग्रेस प्रवक्ता अवनीश सिंह बुंदेला सहित कई कांग्रेसजन और सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आदर्शों को अपनाने का किया आह्वान
कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरित करते हैं। उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज में एकता व सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।

