भोपाल : गौहत्या के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, सद्बुद्धि यज्ञ कर FIR की मांग
भोपाल में गौमाता की निर्मम हत्या को लेकर जनआक्रोश, कांग्रेस ने किया मोहन सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ, निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग
भोपाल। गौमाता की निर्मम हत्या और सनातन धर्म की आड़ में हुए कथित अमानवीय कृत्यों को लेकर जनआक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश कांग्रेस महासचिव अमित शर्मा की अध्यक्षता में भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भगवान हनुमान जी की पूजा की और प्रदेश की मोहन सरकार की सद्बुद्धि के लिए यज्ञ का आयोजन किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस गंभीर प्रकरण में महापौर, एमआईसी मेंबर और नगर निगम के संबंधित अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है, लेकिन अब तक केवल दिखावटी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर महापौर, एमआईसी सहित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई हो।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस महासचिव अमित शर्मा ने कहा कि सनातन धर्म करुणा, अहिंसा और न्याय का संदेश देता है। उसके नाम पर हिंसा और गौमाता के प्रति क्रूरता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यह मामला केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि कानून, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा जन आंदोलन करेगी। इसके तहत महापौर और नगर निगम का घेराव, साथ ही कमिश्नर और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि यदि शासन-प्रशासन जनभावनाओं की अनदेखी करता है, तो इसके लिए पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जनआक्रोश को गंभीरता से लेते हुए तुरंत ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि दोषियों को दंड मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Varsha Shrivastava 
