पब्लिक वाणी ने सेमी फाइनल में राज एक्सप्रेस को हराया, कल फाइनल में पीपुल्स समाचार से होगा मुकाबला
31वां IES–DIGIANA इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट 2026: फाइनल में पब्लिक वाणी, सेमी फाइनल में राज एक्सप्रेस को हराया, कल पीपुल्स समाचार से मुकाबला
भोपाल। 31वें IES–DIGIANA इंटरप्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट में आज 26 जनवरी को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। पब्लिक वाणी और पीपुल्स समाचार की टीमें शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पहुंच गई हैं। खिताबी मुकाबला कल ओल्ड कैंपियन ग्राउंड पर सुबह 10 बजे से खेला जाएगा।
पहला सेमीफाइनल ओल्ड कैंपियन ग्राउंड पर दैनिक भास्कर और पीपुल्स समाचार के बीच खेला गया। इस मुकाबले में पीपुल्स समाचार की टीम ने संतुलित खेल का प्रदर्शन करते हुए दैनिक भास्कर को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
पब्लिक वाणी ने सेमी फाइनल में राज एक्सप्रेस को हराया
दूसरा सेमीफाइनल शाहजहांनाबाद बाबेअली क्रिकेट ग्राउंड पर पब्लिक वाणी और राज एक्सप्रेस के बीच खेला गया। राज एक्सप्रेस की टीम 20 ओवर में 10 विकेट खोकर केवल 138 रन ही बना सकी। टीम का शीर्ष क्रम पूरी तरह फ्लॉप रहा, जिससे दबाव लगातार बढ़ता गया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पब्लिक वाणी की टीम ने आक्रामक शुरुआत की और महज पांच ओवर में 75 रन बना डाले।
ओपनिंग बल्लेबाज और पब्लिक वाणी के डायरेक्टर विशाल गर्ग ने रोहित शर्मा की तर्ज पर तूफानी पारी खेलते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। पब्लिक वाणी ने चार विकेट से मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
अब कल पब्लिक वाणी और पीपुल्स समाचार के बीच रोमांचक फाइनल मुकाबला देखने को मिलेगा।

