भोपाल में 25वां कर्मश्री कवि सम्मेलन: डॉ. कुमार विश्वास ने हिंदू नववर्ष पर श्रोताओं को आमंत्रित किया
प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने वीडियो संदेश जारी कर भोपाल वासियों को हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में होने वाले भव्य कर्मश्री कवि सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया।
भोपाल: प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने वीडियो संदेश जारी कर भोपाल वासियों को हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में होने वाले भव्य कर्मश्री कवि सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया। डॉ. विश्वास ने बताया कि इस आयोजन की नींव 26 साल पहले रखी गई थी, जब उन्होंने भोपाल के एक कार्यक्रम में 'अंग्रेजी नववर्ष' पर व्यंग्य किया था। कर्मश्री के 25वें अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का शुभारंभ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दीप प्रज्वलन कर करेंगे।

25 वर्षों की परंपरा और भावुक जुड़ाव
डॉ. विश्वास ने साझा किया कि रामेश्वर शर्मा ने उसी समय संकल्प लिया कि वे हर वर्ष भारतीय नववर्ष पर भव्य आयोजन करेंगे। शुरुआती 15-16 वर्षों तक डॉ. विश्वास ने मंच का संचालन किया और अब 25 साल पूरे होने पर वे पुनः इस मंच पर लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में रामेश्वर शर्मा और उनकी संस्था के कई लोगों का योगदान रहा, जिससे यह आयोजन आज वटवृक्ष के समान बन गया है, जिसके नीचे लाखों श्रोता बैठते हैं।
अटल पथ पर सजेगी काव्य की महफिल
18 मार्च को भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम स्थित अटल पथ पर यह विशाल आयोजन होगा। डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि इस शाम देश के कई प्रतिष्ठित और महनीय कवि अपनी रचनाओं के साथ उपस्थित रहेंगे। उन्होंने सभी काव्य प्रेमियों से अपील की कि वे भारी संख्या में आएं और भारतीय नववर्ष का स्वागत कविताओं के साथ करें।
देश के महनीय कवि होंगे शामिल
इस भव्य कार्यक्रम में डॉ. कुमार विश्वास के साथ देश के अन्य ख्यातिनाम कवि भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। डॉ. विश्वास ने इसे 'अविस्मरणीय रात्रि' बताते हुए सभी को शाम 8 बजे अटल पथ पर आने का निमंत्रण दिया।

