वेयरहाउस एसोसिएशन बैठक: संचालकों को नहीं मिला किराया, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

कई महीनों से भुगतान न मिलने से परेशान वेयरहाउस संचालकों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन देने और समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

वेयरहाउस एसोसिएशन बैठक: संचालकों को नहीं मिला किराया, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

रविवार को शहर के एक निजी होटल में वेयरहाउस एसोसिएशन की जरूरी बैठक हुई। बैठक में जिले के वेयरहाउस संचालकों की समस्याओं पर खुलकर चर्चा की गई।

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. पन्नालाल अवस्थी ने बताया कि सरकार की ओर से कई महीनों से वेयरहाउस का किराया नहीं मिला है। इससे संचालकों की आर्थिक हालत खराब होती जा रही है। कई लोग बैंक की किश्त तक नहीं चुका पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किराया न मिलने की वजह से वेयरहाउस में काम करने वाले सुरक्षा गार्ड, मैनेजर और अन्य कर्मचारियों का वेतन भी संचालकों को अपनी जेब से देना पड़ रहा है। इससे उन पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।

साथ ही संचालकों का कहना है कि नगर निगम के मैनेजर समय पर डिजिटल सिग्नेचर नहीं करते, जिससे वेयरहाउस के बिल रीवा में ही अटके रहते हैं और भोपाल नहीं पहुंच पाते। जो बिल भोपाल पहुंच भी जाते हैं, उनका भुगतान लंबे समय तक नहीं होता।

इस स्थिति से परेशान होकर वेयरहाउस संचालकों को लगातार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही भुगतान नहीं हुआ और व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो पूरे प्रदेश में वेयरहाउस संचालक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि वेयरहाउस का किराया जल्द जारी किया जाए, लंबित बिलों का भुगतान हो और डिजिटल सिग्नेचर की प्रक्रिया आसान और समय पर पूरी की जाए, ताकि वेयरहाउस संचालकों को राहत मिले और सार्वजनिक वितरण प्रणाली ठीक से चल सके।

बैठक में एस.के. पाण्डेय, नृपेन्द्र सिंह पिंटू, सी.एम. शुक्ला, गौरव सिंह, रूपेश सिंह सहित कई वेयरहाउस संचालक मौजूद रहे।