सेवा और समर्पण के साथ मनाई जाएगी स्व. विजेश लुनावत की 5वीं पुण्यतिथि: पेंटिंग प्रतियोगिता और श्रमदान के साथ दी जाएगी श्रद्धांजलि
भोपाल में स्व. विजेश लुनावत की 5वीं पुण्यतिथि पर बच्चों की पेंटिंग प्रतियोगिता और स्वच्छता अभियान से होगा भावपूर्ण स्मरण
प्रदेश भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष स्व. विजेश लुनावत द्वारा स्थापित आदर्शों को सेवा और समर्पण के माध्यम से जीवंत रखने के संकल्प के साथ ‘विजेश लुनावत स्मृति फाउंडेशन’ इस वर्ष उनकी 5वीं पुण्यतिथि पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रहा है।
स्मिता लुनावत के अनुसार, पुण्यतिथि के कार्यक्रमों की शुरुआत 3 मई, 2026 (रविवार) को प्रातः 8:00 बजे से होगी। 3 मई को स्थानीय जवाहर बाल उद्यान (5 नंबर स्थित तालाब किनारे पार्क) में बच्चों के लिए एक विशाल पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसे दो आयु समूहों में विभाजित किया गया है।
दोनों आयु समूहों की प्रतियोगिता पर्यावरण से जुड़े दो विभिन्न विषयों पर आधारित होगी—
6 से 10 वर्ष: विषय – “जल ही जीवन है”
10 से 17 वर्ष: विषय – “ग्रीन भोपाल, क्लीन भोपाल”
प्रतियोगिता की खास बात यह है कि प्रतिभागियों को रंग (कलर्स) और शीट फाउंडेशन द्वारा पार्क में ही उपलब्ध कराई जाएगी। पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ-साथ अभिभावक, फाउंडेशन के सदस्य और समाजसेवी तालाब किनारे स्थित पार्क को स्वच्छ करने के लिए सामूहिक रूप से ‘श्रमदान’ करेंगे।
स्वर्गीय विजेश लुनावत की पुण्यतिथि के दिन, यानी 5 मई, 2026 को शाम 5:00 बजे से ‘खुशीलाल आयुर्वेदिक कॉलेज सभागृह’ (नेहरू नगर से कालियासोत पहाड़ी के रास्ते पर स्थित) में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामयी समारोह में गणमान्य अतिथि और प्रखर वक्ता अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
इस अवसर पर फाउंडेशन की सेवा यात्रा पर प्रकाश डाला जाएगा और 3 मई को आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। विजेश लुनावत स्मृति फाउंडेशन ने शहरवासियों से इन कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।
Varsha Shrivastava 
