15 अगस्त से पहले शाजापुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शाजापुर शहर में करणी सेना के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। ट्रैक्टरों और वाहनों के काफिले के साथ निकली यात्रा ने शहर में आकर्षण का केंद्र बनाया। यात्रा में युवाओं सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों की गूंज सुनाई देती रही।

आयोजकों के अनुसार, तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। तिरंगा यात्रा के दौरान पुलिस-प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए।
Varsha Shrivastava 

