मध्यप्रदेश में 5 नए एयरपोर्ट को मंजूरी, सबसे पहले सिंगरौली में बनेगा एयरपोर्ट; उज्जैन-शिवपुरी की प्रक्रिया भी होगी तेज

मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए पहले चरण में 5 नए एयरपोर्ट विकसित होंगे। सबसे पहले सिंगरौली में एयरपोर्ट बनेगा, जबकि उज्जैन-शिवपुरी एयरपोर्ट की प्रक्रिया तेज होगी।

मध्यप्रदेश में 5 नए एयरपोर्ट को मंजूरी, सबसे पहले सिंगरौली में बनेगा एयरपोर्ट; उज्जैन-शिवपुरी की प्रक्रिया भी होगी तेज

भोपाल। मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश में प्रस्तावित 10 एयरस्ट्रिप्स में से पहले चरण में 5 एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें सबसे पहले भोपाल से सबसे दूरस्थ नगर निगम सिंगरौली में एयरपोर्ट का निर्माण किया जाएगा।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हुई विमानन विभाग की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मध्यप्रदेश की प्रस्तावित सभी 10 एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट में विकसित करने में सहयोग करेगी।

पहले चरण में इन 5 एयरपोर्ट पर फोकस

मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश की 10 उन्नत एयरस्ट्रिप्स को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। प्रस्तावित स्थलों में सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पहले चरण में इनमें से 5 स्थानों पर एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत सिंगरौली से होगी। इससे विंध्य क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

2036 तक बढ़ी उड़ान योजना

केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने बताया कि केंद्र सरकार ने उड़ान योजना को अगले 10 साल के लिए बढ़ाकर 2036 तक कर दिया है। इसके तहत देशभर में अगले 10 वर्षों में 100 नए एयरपोर्ट विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मध्यप्रदेश में प्रस्तावित एयरपोर्ट भी इसी योजना के तहत विकसित किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने राज्य के प्रस्तावित सभी स्थलों पर एयरपोर्ट विकसित करने में सहयोग का भरोसा दिया है।

उज्जैन एयरपोर्ट के लिए 10 अक्टूबर तक पर्यावरणीय मंजूरी

बैठक में उज्जैन और शिवपुरी में निर्माणाधीन एयरपोर्ट की प्रगति की भी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और प्रदेश के विमानन विभाग के अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उज्जैन एयरपोर्ट के लिए सभी जरूरी पर्यावरणीय अनुमतियां 10 अक्टूबर 2026 तक हासिल करने के निर्देश दिए गए हैं। सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन एयरपोर्ट को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके शुरू होने से देश-विदेश से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को हवाई कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

शिवपुरी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

शिवपुरी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित किया जाना है। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को एयरपोर्ट के लिए नई साइट तलाशने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में बताया कि मध्यप्रदेश में वर्तमान में 8 एयरपोर्ट तैयार हो चुके हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में नए एयरपोर्ट का काम चल रहा है।

6 महीने में 50 हजार से ज्यादा लोगों ने की हवाई यात्रा

विमानन विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल ने बैठक में बताया कि पिछले 6 महीने में मध्यप्रदेश के 50 हजार से अधिक यात्रियों ने हवाई सेवाओं का लाभ लिया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश में बढ़ती हवाई सेवाओं के प्रति यात्रियों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

प्रदेश में पीएम श्री वायु पर्यटन सेवा, पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा और पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही हैं। पिछले महीने इंदौर से अबुधाबी के बीच सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शुरू हुई है। इसके अलावा 10 अगस्त से चार नई सीधी हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

एयर एम्बुलेंस से 170 से ज्यादा गंभीर मरीजों को मदद

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश की पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के जरिए अब तक 170 से अधिक गंभीर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाया गया है। सरकार के मुताबिक इनमें 99 प्रतिशत मरीजों की जान बचाई गई।

आयुष्मान कार्डधारियों के लिए यह सेवा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने एयर एम्बुलेंस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने इसके संचालन के जरिए देश के सामने एक उदाहरण पेश किया है।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सदस्य (प्लानिंग) अनिल कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक एच. पुल्ला, आयुक्त विमानन चंद्रमौली शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।