सतना में 14 वर्षीय बालिका की हत्या का खुलासा, दुष्कृत्य के बाद गला घोंटकर की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सतना के कोटर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय बालिका की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, दुष्कृत्य के बाद विरोध करने पर गला घोंटकर हत्या की गई। आरोपी गिरफ्तार।

सतना में 14 वर्षीय बालिका की हत्या का खुलासा, दुष्कृत्य के बाद गला घोंटकर की थी हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सतना जिले में 14 वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बालिका के साथ दुष्कृत्य करने के बाद विरोध करने पर उसकी सलवार से गला घोंट दिया। इसके बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी ने धारदार हथियार से गले पर वार करने का भी प्रयास किया था।

पुलिस के मुताबिक, कोटर थाना क्षेत्र की रहने वाली 14 वर्षीय बालिका रविवार सुबह करीब 5 बजे अपनी मां के साथ घर से बाहर निकली थी। कुछ देर बाद मां घर लौट आई, लेकिन बालिका वापस नहीं आई। परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर से करीब 100 मीटर दूर खेत की मेड़ के पास झाड़ियों में उसका शव अर्धनग्न अवस्था में मिला।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क जाम कर दिया और कई घंटे तक शव नहीं उठाने दिया। समझाइश के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कृत्य के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने के संकेत मिले हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के निर्देश पर एएसपी ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे और डीएसपी मनोज दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस, साइबर सेल और एफएसएल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध युवक बालिका का पीछा करते हुए दिखाई दिया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश से धान की रोपाई के लिए आए मजदूरों से पूछताछ शुरू की।

पूछताछ के दौरान प्रताप सिंह (21), निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश) के बयान संदिग्ध पाए गए। पुलिस का कहना है कि सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बालिका के साथ दुष्कृत्य करने के बाद विरोध करने पर उसकी सलवार से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी करीब 15 दिन पहले धान की रोपाई के काम के लिए सतना आया था और पीड़िता के घर के पास किराए के कमरे में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वह कई दिनों से बालिका की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था और घटना वाले दिन पहले से उसके घर के बाहर मौजूद था।

पुलिस का कहना है कि आरोपी घटना के बाद उसी दिन सुबह 11 बजे ट्रेन से उत्तर प्रदेश लौटने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े और एक चाकू भी जब्त किया गया है। डीएनए जांच के लिए उसके रक्त के नमूने भी सुरक्षित रखे गए हैं।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।