मैहर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान, हूटर-ब्लैक फिल्म और HSRP उल्लंघन पर 27 चालान

मैहर में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। 27 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 24 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

मैहर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान, हूटर-ब्लैक फिल्म और HSRP उल्लंघन पर 27 चालान

मध्य प्रदेश के मैहर शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। शहर के प्रमुख चौराहों पर आयोजित इस अभियान में यातायात पुलिस और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही।

अभियान के दौरान राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों सहित आम नागरिकों के निजी वाहनों की सघन जांच की गई। जांच में कई वाहनों पर नियमों के विरुद्ध हूटर, काली फिल्म, पदनाम वाले बोर्ड, स्टिकर और मानक के अनुरूप नहीं लगी हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) पाई गई। अधिकारियों ने मौके पर ही इन अनियमितताओं को हटवाया।

जांच के दौरान कुल 27 वाहनों के चालान बनाए गए। इनमें 4 हूटर, 5 ब्लैक फिल्म, 5 पदनाम वाले बोर्ड और 13 HSRP नंबर प्लेट से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई। इन सभी मामलों में कुल 24 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ने वाहन चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने, अनधिकृत हूटर, काली फिल्म और अन्य अवैध उपकरणों का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए ऐसे चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।