सतना में 14 वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या, झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला शव

सतना के कोटर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

सतना में 14 वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या, झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला शव

सतना: जिले के कोटर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह 14 वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। घर से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों के बीच उसका शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, बालिका रविवार सुबह करीब पांच बजे अपनी मां के साथ घर से नित्यक्रिया के लिए निकली थी। इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म कर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक मृतका के सलवार से ही उसका गला घोंटा गया था। इसके बाद धारदार हथियार से गला काटने का भी प्रयास किया गया। शव घर से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों के बीच बरामद हुआ।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने बस स्टैंड के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने से रोक दिया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। कई दौर की चर्चा के बाद दोपहर करीब दो बजे जाम समाप्त हुआ, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मरचुरी भेजा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे, डीएसपी मुख्यालय मनोज दीक्षित समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को बस स्टैंड के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास धान की रोपाई के लिए ठहरे मजदूरों से भी पूछताछ की। कई लोगों को राउंडअप कर अलग-अलग पूछताछ की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान मुख्य संदेही तक पहुंच बनाई गई है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसकी निशानदेही पर कुछ कपड़े भी जब्त किए गए हैं।

शाम को पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह भी कोटर पहुंचे और जांच की समीक्षा की। उन्होंने जांच टीमों को साक्ष्यों के आधार पर जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार मृतका कक्षा 9वीं की छात्रा थी। उसके पिता का करीब 12 वर्ष पहले निधन हो चुका था और वह अपनी मां व भाई के साथ रहती थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।