Ram Navami: भोपाल में 2500 जगह भंडारे, उज्जैन और इंदौर में यज्ञ और जुलूस
रामनवमी के अवसर पर मध्य प्रदेश के कई शहरों में भव्य पूजा, जुलूस, शोभा यात्राएं और भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। भोपाल समेत इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर में मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और विशेष धार्मिक कार्यक्रम देखने को मिल रहे हैं।
देश भर में आज रामनवमी का त्योहार मनाया जा रहा है। इस बीच मध्य प्रदेश में भी रामनवमी को लेकर कई आयोजन किए गए हैं। आज प्रदेश के कई मंदिरों में विशेष पूजा होगी, जुलूस और शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी, साथ ही कई जगहों पर भंडारों का भी आयोजन किया जाएगा।

आज भोपाल में करीब 2500 जगहों पर भंडारे का आयोजन होने जा रहा है। रामनवमी को लेकर भोपाल के न्यू मार्केट और पुराने शहर के प्रमुख राम मंदिरों में आज भंडारे का आयोजन किया जाएगा और साथ ही विशेष पूजा भी की जाएगी। साथ ही भोपाल के अलग-अलग इलाकों में जहां भी राम मंदिर हैं, उन सभी जगहों पर आयोजन किए जाएंगे।

ज्यादातर जगहों पर आयोजन दोपहर 12 बजे से शुरू हो जाएंगे। खेड़ापति मंदिर और अटल पथ क्षेत्र पर स्थित मंदिर में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। आज भोपालवासियों के लिए पूरा दिन राममय होने वाला है।
भोपाल के अलावा इंदौर के रणजीत हनुमान मंदिर और उज्जैन में शिप्रा तट स्थित राम मंदिर में भी विशेष आरती और यज्ञ का आयोजन किया गया है। उज्जैन में तो ऐतिहासिक वीरभद्र ध्वज चल समारोह भी होने वाला है, जो श्रद्धा का केंद्र बनेगा।

वहीं, जबलपुर में नर्मदा तट गौरीघाट और ग्वालियर के अलग-अलग राम मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ शुरू हो गई है। इस तरह प्रदेश के सभी शहरों में धूमधाम से रामनवमी का त्योहार मनाया जा रहा है।


