रायपुर में सुशासन तिहार के दौरान BJP-कांग्रेस में झड़प, ₹500 गैस सिलेंडर की मांग को लेकर प्रदर्शन
बीरगांव में सुशासन तिहार कार्यक्रम में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई जमकर धक्का-मुक्की, विधायक की गाड़ी के सामने लेटे कांग्रेसी
रायपुर। बीरगांव स्थित रावाभाठा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों दलों के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
विधायक के काफिले का किया विरोध
प्रदर्शन के दौरान रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। कुछ कार्यकर्ता विधायक की गाड़ी के सामने सड़क पर लेट गए और “वापस जाओ” के नारे लगाने लगे। विधायक के काफिले को रोकने का भी प्रयास किया गया, हालांकि पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आवागमन को सामान्य बनाए रखा। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
इन मांगों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ता महिलाओं को आवासीय पट्टा वितरण, 500 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा महतारी वंदन योजना की राशि से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम स्थल के बाहर काफी देर तक नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
कांग्रेस ने बताया पूर्व निर्धारित कार्यक्रम
कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष पप्पू बंजारे ने कहा कि यह प्रदर्शन पहले से तय था और इसकी जानकारी प्रशासन को भी दे दी गई थी। उनके अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है, जिसके चलते लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया गया। वहीं, प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति सामान्य होने के बाद सुशासन तिहार का कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे संचालित किया गया।
Varsha Shrivastava 
