जिला एवं सत्र न्यायालय में जालसाजी का मामले में महिला डॉक्टर पर FIR, पढ़ें इंदौर क्राइम की खबरें
इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता: 50 लाख रुपये के 230 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए
बिकी हुई संपत्ति के दस्तावेजों पर जमानत लेने पहुंची महिला डॉक्टर पर FIR
इंदौर के जिला न्यायालय में न्यायिक प्रक्रिया को गुमराह करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला डॉक्टर द्वारा बिकी हुई संपत्ति के दस्तावेजों के आधार पर एक आरोपी की जमानत लेने का प्रयास किया गया। दस्तावेजों की जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने पर न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस को प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, एमजी रोड थाना पुलिस के मुताबिक खजराना क्षेत्र के मैजेस्टिक नगर निवासी डॉक्टर आसमा पिता मुश्ताक शेख के खिलाफ न्यायालय के साथ धोखाधड़ी और भ्रामक जानकारी प्रस्तुत करने का मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि डॉ. आसमा एक आपराधिक मामले में आरोपी की जमानत के लिए जमानतदार बनकर जिला न्यायालय पहुंची थीं। जमानत प्रक्रिया के दौरान उन्होंने अपनी संपत्ति से संबंधित दस्तावेज न्यायालय में प्रस्तुत किए।

हालांकि, दस्तावेजों की जांच के दौरान पता चला कि जिस संपत्ति को आधार बनाकर जमानत दी जाने की कोशिश की जा रही थी, उसे डॉक्टर आसमा पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेच चुकी थीं। मामले का खुलासा होते ही न्यायिक मजिस्ट्रेट ने इसे न्यायालय को गुमराह करने और फर्जी दस्तावेजों के उपयोग का गंभीर मामला माना। इसके बाद न्यायालय ने एमजी रोड थाना पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच ने 50 लाख के 230 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए
इंदौर क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन तलाशने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सिटीजन कॉप एप्लीकेशन और सीईआईआर यानी संचार साथी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये कीमत के 230 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए हैं। वर्ष 2026 में अब तक कुल 807 मोबाइल फोन बरामद कर आवेदकों को लौटाए जा चुके हैं।

दरअसल, क्राइम ब्रांच की साइबर सेल लगातार सिटीजन कॉप एप्लीकेशन और सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण कर रही है। इसी क्रम में इंदौर सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों तथा राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से 230 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए। वही आज बरामद किए गए सभी 230 मोबाइलों को उनके धाराओं को सौंप गए, वही अपने गम हुए मोबाइलों की आस छोड़ चुके मोबाइल धारक भी गुम हुए मोबाइल को वापस पाकर खुश नजर आए।
पड़ोसी दुकानदार निकला चोर, ताला तोड़कर उड़ाई नगदी
इंदौर के व्यस्ततम नोवेल्टी मार्केट में हुई चोरी की वारदात का एमजी रोड थाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि पीड़ित के सामने दुकान संचालित करने वाले पड़ोसी दुकानदार ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई एक लाख तेईस हजार रुपये से अधिक की नगदी बरामद की है।

दरअसल, एमजी रोड पुलिस के अनुसार नोवेल्टी मार्केट स्थित सुमित कलेक्शन के संचालक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 जून की रात वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब दुकान पहुंचे तो ताला टूटा मिला और गल्ले में रखी नगदी गायब थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी और नकबजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
इसी दौरान जानकारी मिली कि पीड़ित की दुकान के सामने दुकान चलाने वाला अंश चंदवानी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई राशि में से एक लाख 23 हजार 340 रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।
मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
इंदौर में मोबाइल दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 17 मोबाइल फोन, नगदी, मोबाइल एक्सेसरीज और वारदात में प्रयुक्त दोपहिया वाहन सहित करीब 13 लाख रुपये का माल बरामद किया है।

विजय नगर थाना क्षेत्र में 7 जून को स्कीम नंबर-54 स्थित स्पिन मोबाइल गाइड के संचालक अभिषेक तिवारी ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बदमाश दुकान से विभिन्न कंपनियों के महंगे मोबाइल फोन, मोबाइल एक्सेसरीज और नगदी चुराकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना विजयनगर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने बाग-टांडा क्षेत्र से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 8 आईफोन, 5 वीवो, 3 ओप्पो मोबाइल, एक सैमसंग फोन, मोबाइल एक्सेसरीज, 10 हजार 500 रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का माल शराब, जुआ और अन्य गतिविधियों में खर्च करने की योजना बना रहे थे। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
दिल्ली के व्यापारी को मिली बड़ी राहत, चंद घंटों में 3 लाख रुपये से भरा बैग बरामद
इंदौर पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का एक और उदाहरण सामने आया है। दिल्ली से इंदौर आए एक हार्डवेयर व्यापारी का तीन लाख रुपये नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग ई-रिक्शा से गिरकर गुम हो गया था। सूचना मिलते ही रावजी बाजार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर कुछ ही घंटों में बैग को तलाश लिया और व्यापारी को सुरक्षित लौटाया।

दरअसल, दिल्ली निवासी हार्डवेयर व्यापारी राहुल मित्तल व्यापारिक कार्य से इंदौर के सियागंज क्षेत्र आए हुए थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यापारियों से भुगतान संग्रह किया था। कलेक्शन के बाद राहुल मित्तल ई-रिक्शा से सियागंज से सिंधी कॉलोनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाथीपाला और सिंधी कॉलोनी के बीच उनका नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग ई-रिक्शा से नीचे गिर गया। जिसके बाद उन्होंने तत्काल रावजी बाजार थाने पहुंचकर इसकी सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र के विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले और कुछ ही घंटों में बैग का पता लगा लिया। वही पुलिस ने बैग में रखे तीन लाख रुपये नकद और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित हालत में बरामद कर व्यापारी राहुल मित्तल को सौंप दिए। अचानक खोई हुई बड़ी रकम वापस मिलने पर व्यापारी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने इंदौर पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की।
कबड्डी टूर्नामेंट में बवाल, टीम को बाहर करने पर आयोजक की पिटाई
इंदौर के एमजी रोड थाना क्षेत्र स्थित चिमनबाग कबड्डी ग्राउंड पर आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान जमकर हंगामा हो गया। टूर्नामेंट से एक टीम को बाहर किए जाने से नाराज दो युवकों ने आयोजन समिति के सदस्य के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, आदर्श बिजासन नगर निवासी यश टिकलिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह 9 जून की देर रात अपने साथियों अनिकेत बांगर और ऋषभ मेहरा के साथ चिमनबाग कबड्डी ग्राउंड पर टूर्नामेंट का संचालन कर रहा था। इसी दौरान मयंक गौड़ और रोहन मेहरा वहां पहुंचे और वैष्णवी संस्था की टीम को प्रतियोगिता से बाहर किए जाने को लेकर विवाद करने लगे।
यश द्वारा नियमों की जानकारी देने पर दोनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने यश के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।
Varsha Shrivastava 
