Bhopal निगम परिषद की बैठक शुरू: छुट्टी के दिन सम्मेलन बुलाने पर नेता प्रतिपक्ष की आपत्ति, होर्डिंग्स और सड़कों के मुद्दे उठेंगे
भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक में छुट्टी के दिन सम्मेलन बुलाने पर नेता प्रतिपक्ष ने आपत्ति जताई। 12 एल्डरमैन का परिचय, होर्डिंग्स, सड़कें, पार्किंग और 493.49 करोड़ के अमृत 2.0 ऋण प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
Bhopal News: भोपाल नगर निगम परिषद का सम्मेलन ISBT स्थित मीटिंग हॉल में शुरू हो गया है. बैठक की शुरुआत में निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने सरकार द्वारा नियुक्त 12 एल्डरमैन और नए निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार का परिचय कराया. अहिरवार ने तीन दिन पहले ही पदभार संभाला है. बैठक में महापौर मालती राय भी मौजूद हैं.
बैठक शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने छुट्टी के दिन परिषद का सम्मेलन बुलाने पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि निगम एक्ट के तहत अवकाश के दिन सदन की कार्यवाही नहीं की जा सकती. इस पर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने उन्हें समझाइश दी. इसके बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ी.
बैठक में वैध-अवैध होर्डिंग्स, निगम की कार्यप्रणाली, पार्किंग और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. वहीं, एजेंडे में जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल नहीं होने पर विपक्ष ने नाराजगी जताई है.
सरकार ने 12 एल्डरमैन नियुक्त किए
राज्य सरकार ने भोपाल नगर निगम में 12 एल्डरमैन नियुक्त किए हैं. परिषद की बैठक में इन सभी का परिचय कराया गया. नियुक्त एल्डरमैन में महेश तिवारी, सुनील द्विवेदी, प्रदीप लोधी, लीलाधर यादव, प्रमोद पोलघंटरवार, राजेश साहू, रवि गोयल, दीपक सक्सेना, विनोद चौरसिया, डीके सक्सेना, विजय सिंह और श्याम विजयवर्गीय शामिल हैं.
होर्डिंग्स से लेकर शहर की समस्याओं तक सवाल
परिषद की बैठक में भाजपा और कांग्रेस के पार्षद वैध और अवैध होर्डिंग्स समेत शहर से जुड़े कई मुद्दों पर सवाल उठा सकते हैं। पार्षद निगम की कार्यप्रणाली और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी जवाब मांगेंगे।
बैठक में पुराने एजेंडे के कुछ प्रस्तावों को संशोधित शर्तों के साथ दोबारा पेश किया जा रहा है। इनमें निगम के नए मुख्यालय के सर्विस ब्लॉक को लंबे समय के लिए देने और गर्ल्स कॉलेज के पास स्थित सोन चिरैया हॉकर्स कॉर्नर को किराए पर देने से जुड़े प्रस्ताव प्रमुख हैं।
चार प्रमुख एजेंडों पर होगी चर्चा
1. नए निगम मुख्यालय का सर्विस ब्लॉक 10 साल के लिए देने का प्रस्ताव
निगम के नए मुख्यालय के सर्विस ब्लॉक को देने का प्रस्ताव पहले भी परिषद में आया था। 19 अगस्त को हुई बैठक में इसे केवल दो साल के लिए देने का निर्णय लिया गया था। अब इसे 10 साल के लिए देने और अगले 10 साल के नवीनीकरण का प्रस्ताव रखा गया है। इसके तहत अधिकतम अवधि 20 साल हो सकती है।
2. सोन चिरैया हॉकर्स कॉर्नर को किराए पर देने का प्रस्ताव
गर्ल्स कॉलेज के पास स्थित सोन चिरैया हॉकर्स कॉर्नर को किराए पर देने के प्रस्ताव पर अगस्त में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर आपत्ति उठी थी। अब संशोधित शर्तों में एजेंसी के लिए परिसर और आसपास 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे चालू रखना और सुरक्षा गार्ड तैनात करना अनिवार्य होगा। प्रस्ताव में तीन साल के किराए और अगले तीन साल के नवीनीकरण का प्रावधान है।
3. अमृत 2.0 के लिए 493.49 करोड़ का ऋण
बैठक के एजेंडे में अमृत 2.0 योजना के लिए 493.49 करोड़ रुपये का ऋण लेने का प्रस्ताव भी शामिल है। इस प्रस्ताव पर परिषद में चर्चा होगी।
4. न्यू मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग के हॉल को किराए पर देना
न्यू मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग की चौथी मंजिल पर स्थित हॉल को किराए पर देने का प्रस्ताव भी परिषद के सामने रखा जाएगा।
सड़कों और गड्ढों के मुद्दे एजेंडे में नहीं होने पर विपक्ष नाराज
परिषद की बैठक के एजेंडे में शहर की प्रमुख जनसमस्याओं को जगह नहीं मिलने पर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं। विपक्ष का कहना है कि परिषद में उन मुद्दों पर प्राथमिकता से चर्चा होनी चाहिए, जिनका सीधा असर भोपाल के लोगों पर पड़ रहा है।
विपक्ष के मुताबिक, बारिश के बाद शहर की कई सड़कों की हालत खराब हो गई है। जगह-जगह सड़कें खुदी हुई हैं और गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
विपक्ष ने मांग की है कि सड़कों की मरम्मत जल्द कराई जाए और खासतौर पर शहर की अंदरूनी सड़कों की हालत सुधारी जाए। अब बैठक में यह देखना अहम होगा कि पार्षद इन मुद्दों को सदन में किस तरह उठाते हैं और निगम प्रशासन की ओर से क्या जवाब दिया जाता है।

