MP रीजनल AI इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस 2026, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया
भोपाल में आयोजित मध्यप्रदेश रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस 2026 का शुभारंभ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कौशल रथ में मौजूद विद्यार्थियों से संवाद किया।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को भोपाल में आयोजित मध्यप्रदेश रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस–2026 का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और आयोजन स्थल पर लगी एआई प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने कॉन्फ्रेंस में उपस्थित विद्यार्थियों और युवा प्रतिभाओं से संवाद किया और उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर उन्होंने एआई लिटरेसी मिशन के अंतर्गत तैयार कौशल रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर छात्रों और युवाओं को फ्यूचर स्किल्स फॉर एआई-पावर्ड भारत के तहत प्रशिक्षित करेगा और उन्हें एआई तकनीक में दक्षता हासिल करने का अवसर प्रदान करेगा।
मध्य प्रदेश को AI हब के रूप में विकसित किया जाएगा
इस सम्मेलन का उद्देश्य राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव और भविष्य की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा करना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और सुशासन के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश को AI हब के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार लगातार नीतिगत और तकनीकी प्रयास कर रही है। इस कॉन्फ्रेंस में देश-विदेश से आए तकनीकी विशेषज्ञों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और नीति-निर्माताओं ने हिस्सा लिया। विभिन्न सत्रों में AI आधारित नवाचार, रोजगार के नए अवसर, डेटा सुरक्षा और डिजिटल समावेशन जैसे विषयों पर मंथन किया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नई तकनीकों को अपनाकर स्टार्टअप और इनोवेशन के क्षेत्र में आगे आएँ, ताकि मध्य प्रदेश तकनीकी विकास की दौड़ में अग्रणी बन सके।
उज्जैन प्रवास के दौरान निर्माणाधीन गीता भवन का निरीक्षण
इसके पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन प्रवास के दौरान निर्माणाधीन गीता भवन का भी निरीक्षण किया। यह भवन शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के पास बनाया जा रहा है। भवन जी + 2 मंजिला होगा और इसमें लगभग 1250 सीटों की क्षमता होगी। यह भवन 5.11 एकड़ क्षेत्र में बनाया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत 34 करोड़ रुपए है। भवन का निर्माण PWD PIU द्वारा किया जा रहा है और इसे अप्रैल 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को भगवान बृहस्पति मंदिर में दर्शन करने के बाद पास के तेलीवाड़ा चौराहे पर शहर की पुरानी चाय की दुकान पर स्थानीय लोगों के साथ चाय पी और चर्चा की। उन्होंने दुकान संचालक से हालचाल पूछा, चाय पीने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चाय के पैसे दिए, दुकानदार द्वारा संकोच के कारण पैसे नहीं लेने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ये तो लेना ही होंगे।

Varsha Shrivastava 
