सीएम डॉ. मोहन यादव ने जीतू पटवारी पर फिर कसा तंज, बोले- "मधु भैया ने चारों खाने चित्त कर दिया"

इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तंज कसते हुए 2023 विधानसभा चुनाव की हार का जिक्र किया. मधु वर्मा की जीत की तारीफ करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा.

सीएम डॉ. मोहन यादव ने जीतू पटवारी पर फिर कसा तंज, बोले- "मधु भैया ने चारों खाने चित्त कर दिया"

इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर तीखा तंज कसा है. इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम ने राऊ विधायक मधु वर्मा की तारीफ करते हुए 2023 विधानसभा चुनाव में जीतू पटवारी की हार का जिक्र किया और कहा कि मधु वर्मा ने अपने प्रतिद्वंद्वी को "चारों खाने चित्त" कर दिया.

2023 की हार पर ली चुटकी

विधायकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, "वाह मधु भैया, क्या चौकड़ी भुलाई... सामने वाले के चारों खाने चित्त कर दिए. " उन्होंने आगे कहा कि मधु वर्मा का ऐसा जलवा रहा कि "अभी तक जवान होश में नहीं है, कहां गया भगवान जाने. आपको छोड़कर बाकी लोगों को क्या-क्या बोलता है, लेकिन यहां नहीं आता है. सीएम ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब भी मधु वर्मा सामने आते हैं तो उन्हें चुनावी जीत की याद आ जाती है.

35 हजार से ज्यादा वोटों से हारे थे पटवारी

बता दें कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को 2023 के विधानसभा चुनाव में राऊ सीट से भाजपा उम्मीदवार मधु वर्मा ने 35 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया था. इससे पहले पटवारी 2013 और 2018 में इस सीट से चुनाव जीत चुके थे. हालांकि उनका पहला विधानसभा चुनाव 2008 में भाजपा के जीतू जिराती के खिलाफ हार के साथ शुरू हुआ था.

पहले भी साध चुके हैं निशाना

यह पहला मौका नहीं है जब मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जीतू पटवारी पर सार्वजनिक मंच से टिप्पणी की हो. इससे पहले शाजापुर और इंदौर के कार्यक्रमों में वे पटवारी को "टपोरी", "दो कौड़ी का" और "रद्दी प्रदेश अध्यक्ष" कह चुके हैं. वहीं उज्जैन जिले के महिदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने पटवारी को "नौसिखिया" बताते हुए कहा था कि "जिसे पार्टी की कमान दे दी गई है, वह खुद ही गाड़ी ठोक रहा है, तो हम क्या करें.

गोधरा कांड को लेकर भी कांग्रेस पर हमला

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में गोधरा कांड का भी उल्लेख किया और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के लिए धर्म के आधार पर समाज को बांटने का काम करती है. सीएम ने कहा कि गोधरा कांड के मामले में कांग्रेस ने पूरे देश में नरेंद्र मोदी और गुजरात सरकार को बदनाम करने की कोशिश की, लेकिन अदालत के फैसलों ने गुजरात सरकार के खिलाफ लगाए गए आरोपों को सही नहीं माना.

बयानबाजी से गरमाई सियासत

मुख्यमंत्री मोहन यादव के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है. भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है. अब कांग्रेस की ओर से इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है.