Maihar में NSUI का प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय घेराव से पहले पुलिस ने रोका, कार्यकर्ताओं को थाने ले जाया गया
मैहर में NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा कार्यालय घेराव का प्रयास किया. पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया और कई कार्यकर्ताओं को थाने ले गई. पढ़ें पूरी खबर.
मैहर. छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को मैहर में NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के घेराव का प्रयास किया. प्रदर्शन का नेतृत्व नवनिर्वाचित NSUI जिला अध्यक्ष अंजीर बिहारी द्विवेदी ने किया.
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे. हालांकि हाउसिंग बोर्ड से पहले गायत्री मंदिर के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया. मौके पर सीएसपी महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे.
इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई. पुलिस ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए किसी भी प्रदर्शनकारी को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी.
बाद में पुलिस ने कई कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहन में बैठाकर मैहर थाने पहुंचाया. पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने.
प्रदर्शनकारियों ने छात्रों पर हुए कथित अत्याचार की निंदा करते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. वहीं NSUI नेताओं ने कहा कि छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा.
Anubhav Dubey 
